नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी में चल रही SIR प्रक्रिया को लेकर बीजेपी और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग मनमर्जी से वोटर लिस्ट में नाम जोड़ और कटवा रहे हैं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आयोग को अपनी इमारत पर बीजेपी का झंडा ही लगा लेना चाहिए।
चुनाव आयोग की भूमिका पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसकी जिम्मेदारी ज्यादा से ज्यादा वोट बनवाने की होनी चाहिए, लेकिन मौजूदा हालात में ऐसा नहीं दिख रहा। उन्होंने दावा किया कि शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि गांवों में बड़ी संख्या में प्रिंटेड फॉर्म बांटे जा रहे हैं। उनके मुताबिक बीजेपी ने कुछ एजेंसियों को हायर कर रखा है, जो वोटर लिस्ट के आधार पर फॉर्म भरकर फर्जी हस्ताक्षर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में भी किसी पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि विदेशी डेयरी उत्पादों के लिए भारत का बाजार खोला जा रहा है, जिससे किसानों को नुकसान होगा और लोगों की धार्मिक परंपराओं पर असर पड़ सकता है। हालांकि केंद्र सरकार ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने चीन के मुद्दे को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जमीन और बाजार दोनों पर खतरा है और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं होने दी जा रही। एसआईआर प्रक्रिया, ट्रेड डील और चीन जैसे मुद्दों पर अखिलेश यादव के बयानों के बाद यूपी की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है।





