नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। गुरुवार, को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 दोपहर करीब 1:40 बजे टेक-ऑफ के कुछ ही सेकंड बाद क्रैश हो गई। यह हादसा शहर के एक रिहायशी इलाके में बने मेडिकल कॉलेज की छत पर हुआ। इस भीषण दुर्घटना में 265 लोगों की मौत हो गई है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पुष्टि की है कि विमान में सवार 242 यात्री और क्रू में से सिर्फ एक व्यक्ति ही जिंदा बच पाया है।
PM नरेंद्र मोदी ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 8:30 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे। करीब 9 बजे उन्होंने विमान हादसे की जगह का दौरा किया और वहां की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वे सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों का हाल जाना और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
अस्पताल में रखे गए 265 शव, पहचान के लिए डीएनए सैंपल
अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में हादसे में मारे गए 265 लोगों के शव रखे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शवों की पहचान एक बड़ी चुनौती बन गई है, इसलिए सभी का डीएनए सैंपल लिया जा रहा है।
पहचान प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
दो स्तरों पर जांच शुरू, ब्लैक बॉक्स से होगा कारणों का खुलासा
सरकार ने इस विमान हादसे की दो स्तरों पर जांच शुरू कर दी है: एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) नागरिक उड्डयन मंत्रालय की उच्च स्तरीय समिति ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है और उसी से दुर्घटना के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है, इस भीषण हादसे में एकमात्र जिंदा बचे व्यक्ति विश्वास कुमार रमेश हैं। वह अभी सिविल अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी उनसे भी मुलाकात करेंगे।
राहत और बचाव कार्य पूरा, अमित शाह ने भी लिया जायजा
गृह मंत्री अमित शाह ने कल देर शाम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि विमान में 1.25 लाख लीटर ईंधन था और टक्कर इतनी भीषण थी कि किसी को बचने का मौका नहीं मिल सका। अब सभी शवों को बाहर निकालने का काम पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री का दौरा और तेजी से शुरू हुई जांच यह दिखाती है कि सरकार इस त्रासदी को गंभीरता से ले रही है। अब सबकी नजर ब्लैक बॉक्स रिपोर्ट और सरकारी जांच पर टिकी है, जिससे सच्चाई सामने आ सके।





