नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने हाल ही में फिल्म छावा देखने के बाद कुछ ऐसे सवाल उठाए हैं, जिससे वे चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उनके मन में तीन बड़े सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में पूछा कि हमने यह जरूर पढ़ा कि अकबर महान था, लेकिन हमें छत्रपति संभाजी महाराज की कहानी क्यों नहीं पढ़ाई गई ?
आकाश ने अपनी पोस्ट में ये लिखा
आकाश चोपड़ा ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि “आज मैंने छावा देखी। बहादुरी, निस्वार्थता और कर्तव्य की भावना की अविश्वसनीय कहानी। असली सवाल है कि हमें स्कूल में छत्रपति संभाजी महाराज के बारे में क्यों नहीं पढ़ाया गया? कहीं भी उनका जिक्र तक नहीं है। हालांकि हमने यह जरूर पढ़ा कि अकबर एक महान और न्यायप्रिय सम्राट था और दिल्ली में औरंगजेब रोड नाम से एक सड़क भी है। ऐसा क्यों और कैसे हुआ?”
[EMBED]
Watched Chhaava today. Incredible tale of bravery, selflessness and the sense of duty.
Genuine question—why were we not taught about Chattrapati Sambhaji Maharaj at all in school? Not even a mention anywhere!!!
We did learn though how Akbar was a great and fair emperor, and…— Aakash Chopra (@cricketaakash) February 17, 2025
फिल्म में दिखाई है संभाजी की ‘स्वराज’ के प्रति प्रतिबद्धता
गौरतलब है कि इन दिनों सिनेमाघरों में फिल्म छावा अच्छी खासी कमाई कर रही है। फिल्म में भारत के महान योद्धाओं में से एक छत्रपति संभाजी महाराज की कहानी दिखाई गई है। हालांकि, यह फिल्म उनके पूरे जीवन पर गहराई से चर्चा नहीं करती है, लेकिन यह उन महत्वपूर्ण क्षणों को उजागर करती है जो एक सच्चे सैनिक के रूप में ‘स्वराज’ के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। फिल्म में विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में हैं। उनके अलावा अक्षय खन्ना का भी अहम रोल है, उन्होंने मुगल सम्राट औरंगजेब की भूमिका निभाई है। वहीं अन्य कलाकारों में आशुतोष राणा, दिव्या दत्ता, डायना पेंटी और विनीत कुमार सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
100 करोड़ से ज्यादा हो चुकी कमाई
यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी खासी कमाई कर रही है। इसने अब तक 100 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं। हालांकि, सोमवार को वीकडे होने के कारण कमाई पर असर पड़ा है। यह फिल्म अब तक 140.50 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।





