नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल खुद नई दिल्ली सीट से चुनाव हार गए और उनकी पार्टी भी की भी हार हुई। इस हार के बाद चर्चा थी कि, अब केजरीवाल की आगे की रणनीति क्या होगी। इस बारे में लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। लेकिन इसी बीच पंजाब से एक बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव हारने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा में जाने का मन बना चुके है, राज्यसभा में उनकी एंट्री पंजाब से हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, पंजाब से राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा उनके लिए अपनी सीट छोड़ सकते हैं।
पार्टी की और से आधिकारिक पुष्टि नहीं
आम आदमी पार्टी के दिल्ली में सत्ता गंवाने के बाद अब सिर्फ पंजाब ही एक ऐसा राज्य है जहां आप की सरकार है। पार्टी के पास वहां से राज्यसभा की सीटें मौजूद हैं। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे है कि, केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा का रुख कर सकते हैं। उन्होने अपना मन बना लिया है कि, वो अब देश की राजनीति के कदम रखेंगे। हालांकि, अभी इस तरह की खबरों के बीच पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन इसको लेकर राजनीति के बाजार में चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर इस विषय के बारे में चर्चा हो रही है।
वहीं एक तरफ ये भी चर्चा की जा रही है कि, आम आदमी पार्टी के 6 राज्यसभा सांसदों ने इस्तीफा देने की पेशकश की है ताकि पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल राज्यसभा में प्रवेश कर सकें। संसद में एंट्री लेने के बाद दिल्ली और पंजाब के मुद्दों को मजबूती और मुखरता से उठा सकते हैं। हालांकि, केजरीवाल का अपना क्या फैसला होगा ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा लेकिन, आप के इस कदम से पंजाब की राजनीति में उथल-पुथल मचने की संभावना है।
संजीव अरोड़ा छोड़ सकते है अपनी सीट
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप (AAP) का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, ऐसे में अब आप के पास सिर्फ पंजाब ही ऐसा राज्य बचा है जहां उनकी सरकार है। वहीं से राज्यसभा सीटें मौजूद है। सूत्रों के मुताबिक, केजरीवाल के राज्यसभा में एंट्री के लिए आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब से राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा अपनी सीट छोड़ सकते है।
कौन हैं संजीव अरोड़ा?
61 वर्षीय संजीव अरोड़ा एक व्यवसायी के रूप में भी काम कर रहे हैं। वहीं पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद है। राजनीति में वे अभी नए हैं, कुछ साल पहले ही सियासत में कदम रखा है। संजीव अरोड़ा का नाम देश के बड़े व्यापारियों में शामिल है। पिछले साल ED ने उनके घर पर छापेमारी की थी। उन्होंने अत्याधुनिक औद्योगिक पार्क को विकसित किया, फिर मेक इन इंडिया योजना के तहत सुजूकी मोटर्स गुजरात प्लांट के साथ टाई-अप किया। इसके अलावा उनकी ओर से महिलाओं के कपड़े बनाने वाले ब्रांड फेमेला फैशन लिमिटेड को भी लॉन्च किया गया। उनके परिवार में उनकी पत्नी, बेटा और बेटी हैं।





