नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। रविवार 26 अक्टूबर की सुबह दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की एक छात्रा पर अशोक विहार इलाके में एसिड अटैक किया गया। यह वारदात लक्ष्मीबाई कॉलेज के पास हुई, जब छात्रा अपनी एक्स्ट्रा क्लास के लिए जा रही थी।
घटना कैसे हुई
जानकारी के मुताबिक, अचानक एक बाइक सवार युवक आया और छात्रा पर तेज़ाब फेंक दिया। छात्रा ने खुद को बचाने की कोशिश की, जिससे उसका चेहरा तो बच गया, लेकिन दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए। राहगीरों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। पहले दीपचंद बंधु अस्पताल में इलाज शुरू हुआ, फिर हालत गंभीर होने पर उसे आरएमएल अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि छात्रा की स्थिति फिलहाल स्थिर है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी छात्रा का जानकार था। आरोपी जितेंद्र, जो मुकुंदपुर में रहता है, पिछले कुछ समय से लड़की का पीछा कर रहा था। बताया गया कि करीब एक महीने पहले दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद जितेंद्र ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। रविवार को उसने अपने दो दोस्तों ईशान और अरमान के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, ईशान ने अरमान को एसिड की बोतल दी और अरमान ने छात्रा पर तेज़ाब फेंका। हमले के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर ली है और कई टीमों को उनकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।
NSUI और SFI ने किया प्रदर्शन
इस घटना के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संगठनों में गुस्सा है। NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने कहा,“दिनदहाड़े छात्रा पर एसिड फेंका जाना शासन की नाकामी का सबूत है। अगर सरकार और पुलिस महिला सुरक्षा को गंभीरता से लेते, तो ऐसी घटनाएं नहीं होतीं। एनएसयूआई ने मांग की है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त सज़ा दी जाए। वहीं, SFI (स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) ने कहा, “यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं बल्कि प्रशासन की असंवेदनशीलता और सरकारी विफलता का उदाहरण है। राजधानी में महिला कॉलेज के सामने ऐसी घटना होना बेहद चिंताजनक है। एसएफआई ने यह भी कहा कि पहले भी मिरांडा हाउस के पास ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए।
ABVP ने भी जताई नाराजगी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने भी हमले की निंदा की है और कहा कि विश्वविद्यालय परिसर के आसपास इस तरह की घटनाएं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय हैं।” एबीवीपी ने प्रशासन से परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और पुलिस गश्त तेज़ करने की मांग की है। दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और कहा है कि अपराधियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के लिए तकनीकी निगरानी बढ़ाई गई है और टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।





