नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । अयोध्या में राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य महंत सतेंद्र दास का बुधवार सुबह निधन हो गया। 85 वर्षीय महंत सत्येंद्र दास को स्ट्रोक के बाद रविवार को संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) के न्यूरोलॉजी आईसीयू में भर्ती कराया गया था। शुरुआत में उनका अयोध्या के एक निजी अस्पताल में इलाज चला, लेकिन बाद में उन्हें उन्नत चिकित्सा देखभाल के लिए एसजीपीजीआई रेफर कर दिया गया।
सीएम योगी ने दी प्रतिक्रिया
आचार्य सत्येंद्र दास के निधन पर सीएम योगी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा- परम रामभक्त, श्री राम जन्मभूमि मंदिर, श्री अयोध्या धाम के मुख्य पुजारी आचार्य श्री सत्येन्द्र कुमार दास जी महाराज का निधन अत्यंत दुःखद एवं सामाजिक व आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे तथा शोक संतप्त शिष्यों एवं अनुयायियों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति!
सत्येंद्र दास मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारियों से भी जूझ रहे थे। राम मंदिर के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्य पुजारी दास 20 साल की उम्र से मुख्य पुजारी के रूप में सेवा कर रहे थे।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इससे पहले अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी महंत सत्येंद्र दास के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए लखनऊ में संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) का दौरा किया था।





