नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पुणे के स्वारगेट बस स्टैंड पर हुई दिल दहला देने वाली घटना में 26 साल की महिला से बलात्कार के आरोपी को पुलिस ने 70 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे को उसके पैतृक गांव शिरूर से पकड़ा गया। पुलिस ने गन्ने के खेतों में तलाशी अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया।
कैसे हुई वारदात?
यह घटना मंगलवार सुबह 5:30 बजे पुणे के स्वारगेट बस स्टैंड पर खड़ी एक राज्य परिवहन निगम की बस में हुई। आरोपी ने पीड़िता को यह कहकर बस में बैठाया कि जिस बस का वह इंतजार कर रही है, वह कहीं और खड़ी है। महिला के बस में बैठते ही आरोपी ने सुनसान बस के अंदर बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया।
गन्ने के खेत में छिपा मिला आरोपी
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसके चलते पुणे पुलिस ने 13 टीमें गठित कीं और तलाश शुरू की। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश डाली और एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अपने पैतृक गांव गुनात (शिरूर) में छिपा हुआ है। इसके बाद गुरुवार को 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने गन्ने के खेतों में तलाशी अभियान चलाया। ड्रोन की मदद से खेत की हवाई इमेजिंग की गई और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी, डकैती और चेन स्नैचिंग के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस केस में विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है। इस घटना के बाद पुणे पुलिस ने शहर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों और मुख्य मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी प्रणाली को और मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





