नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली के कथित शराब घोटाले में आम आदमी पा्र्टी को बड़ी राहत मिली है। मनीष सिसोदिया के बाद सुप्रीम कोर्ट ने विजय नायर को भी जमानत दे दी है। विजय नायर पिछले 23 महीने से जेल में बंद हैं। हाल ही में, मनीष सिसोदिया और के. कविता को भी कोर्ट ने राहत दी थी। इस मामले में सिर्फ अरविंद केजरीवाल ही जेल के अंदर हैं। मामले में एक के बाद एक बेल को देखते हुए आम आदमी पार्टी को उम्मीद है कि अरविंद केजरीवाल भी जल्द ही बाहर आ जाएंगे।
विजय नायर पर क्या आरोप लगे हैं?
CBI द्वारा दर्ज FIR में आरोप है कि शराब कारोबारी समीर महेंद्रू से 2 से 4 करोड़ रुपये अर्जुन पांडे ने विजय नायर के कहने पर ही लिए थे। इसके बाद इस रकम को उन सरकारी अफसरों में वितरित कर दिया गया जिन्हें इस मामले में आरोपी बनाया गया है। विजय नायर पर दूसरा आरोप यह भी है कि उन्होंने साउथ लॉबी से कथित रूप से 100 करोड़ रुपये की रिश्वत ली थी। FIR में इस बात की भी जिक्र है कि साउथ लॉबी की ये रिश्वत आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं तक भी पहुंची थी। आरोप तो यहां तक है कि समीर महेंद्रू और अरविंद केजरीवाल के बीच बात भी विजय नायर ने कराई थी।
मनीष सिसोदिया ने इसे सत्य की जीत बताया
मनीष सिसोदिया ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- सत्यमेव जयते। भाजपा के मनगढ़ंत शराब घोटाले की कहानी का एक और गुबारा आज फूट गया। बिना सबूत, बिना कोई बरामदगी हुए विजय नायर को 23 महीने जेल में रखा। मकसद सिर्फ एक- अरविंद केजरीवाल को चुनावों में नहीं रोक सकते तो उनकी पूरी टीम को और उन्हें ED-CBI से गिरफ्तार करवाकर जेल में रखो। देर लग सकती है लेकिन अंत में जीत तो सत्य को ही होती है’।





