नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार में एक बार फिर एक और पुल उद्घाटन से पहले भरभराकर गिर गया। इस पुल को सात करोड़ उनासी लाख साठ हजार रुपये की लागत से बनाया गया था। इस पुल को बिहार में अररिया के सिटकी में बकरा नदी पर लोगों के आवागमन को सुलभ बनाने के लिए किया गया था। आस- पास लोगों का कहना है कि जल्द ही इस पुल का उद्घाटन होने जा रहा था। लेकिन इससे पहले ही करोड़ों की लागत से बना यह पुल धड़ाम से गिर गया। 8
ग्रामीण कार्य विकास विभाग कर रहा था पुल का निर्माण
इस पुल को लेकर वहां के लोगों का कहना है कि पुल के निर्माण में घटिया तरीके की सामाग्री का उपयोग किया गया है। जिसकी वजह से यह पुल उद्घाटन से पहले ध्वस्त हो गया है। इस पुल के गिर जाने से सिकटी और कुर्साकांटा प्रखंड का संपर्क टूट गया है। इस पुल का निर्माण ग्रामीण कार्य विकास विभाग की तरफ से किया जा रहा था। शुभारंभ से पहले ही करोड़ों रुपये खर्च कर बना यह पुल धड़ाम हो गया।
विधायक विजय कुमार मंडल ने कुछ दिनों पहले लिया था पुल का जायजा
आपको बता दें कुछ दिनों पहले स्थानीय विधायक विजय कुमार मंडल ने इसका जायजा लिया था। जिसमें इस पुल के कार्यपालक अभियंता ने स्थानीय विधायक को पूरे काम के बारे में बताया था। इस दौरान विधायक की ओर से कहा गया था कि पुल और नदी के आस-पास कटवारोधी कार्य करने होंगे। लेकिन, चर्चा के बाद भी किसी तरह के काम नहीं किया गया। पुल को बनवाने के लिए विधायक ने काफी मेहनत की थी।
संबंधित अधिकारी और कॉन्ट्रेक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
इस पुरे प्रकरण पर बीजेपी विधायक विजय कुमार मंडल ने बताया है कि कॉन्ट्रेक्टर रात के अंधेरे में पुल का निर्माण व पाइलिंग का काम करता था। पुल की पाइलिंग अगर सही से की गई होती तो आज इतनी बड़ी लागत से बना पुल पानी में नहीं बहता। उन्होंने इस मामले में संबंधित अधिकारी और कॉन्ट्रेक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण के वक्त लापरवाही बरती गई है, इसलिए पुल बारिश के पहले पानी का बहाव भी बर्दाश्त नहीं कर पाया।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




