नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । हरियाणा के पंचकूला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां उत्तराखंड के देहरादून के एक ही परिवार के सात लोगों ने आत्महत्या कर ली। यह पूरा मामला पंचकूला के सेक्टर 27 का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार के 7 सदस्यों ने कार में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। सभी सातों लोगों का शव पंचकूला के सेक्टर 27 में एक मकान के बाहर सड़क पर खड़ी गाड़ी में बंद मिला। सूत्रों ने बताया कि, यह उत्तराखंड के देहरादून के एक परिवार के कर्ज के भार से काफी परेशान थे। इस कर्ज की तंगी से परेशान होकर आत्महत्या करने का मामला है।
कार में मिले सभी के शव
यह परिवार उत्तराखंड के देहरादून का था, लेकिन उन्होंने पंचकूला के मकान नंबर 1204 के सामने देहरादून नंबर वाली कार में जहर खाकर आत्महत्या की। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस मामले की जानकारी सोमवार रात को मिली। जब रात को लगभग 11 बजे उन्हें एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि एक कार पंचकूला के सेक्टर-27 में खड़ी है, जिसके अंदर कुछ लोगों ने आत्महत्या कर ली है।
परिवार के 7 लोगों ने खाया जहर
आत्महत्या करने वालें परिवार में से प्रवीण मित्तल (42) निवासी देहरादून, प्रवीण के माता-पिता, प्रवीण की पत्नी और 2 बेटी और एक बेटे शामिल हैं। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि, इसमें क्या लिखा हुआ है, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस की टीम
परिवार के सभी सातों शवों को पंचकूला के प्राइवेट हॉस्पिटल में रखवाया गया है। वहीं, इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पंचकूला की DCP हिमाद्री कौशिक और DCP लॉ एंड ऑर्डर अमित दहिया मौके पर पहुंचे और जांच में जुटे हुए हैं। इसके अलावा, फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच के लिए सैंपल इकट्ठे किए।
वहीं, घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई है। फिलहाल इस पूरी घटना को लेकर पंचकूला की पुलिस जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही सुसाइट के कारणों का पता चल सकेगा।





