नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। अहमदाबाद में शुक्रवार को निकाली गई 148वीं जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब डीजे की तेज आवाज से एक हाथी बेकाबू हो गया। इस घटना में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और 3 से 4 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में एक मीडिया कर्मी भी शामिल है। राहत की बात यह रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
खाड़िया इलाके में बेकाबू हुआ हाथी
रथयात्रा जैसे-जैसे खाड़िया इलाके में पहुंची, एक हाथी डीजे की तेज धुन से घबरा गया और इधर-उधर दौड़ने लगा। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और सभी गलियों में दौड़ते नजर आए। हाथियों के बेकाबू होने के कारण वहां मौजूद श्रद्धालु और आम लोग इधर-उधर भागने लगे। इस भगदड़ में 3-4 लोग नीचे गिरकर घायल हो गए। अच्छी बात यह रही कि लोग सतर्क थे और घायलों को वहां से हटा लिया गया।
वन विभाग और महावतों ने पाया काबू
घटना के तुरंत बाद वन विभाग की टीम और महावत हरकत में आ गए। टीम के पास ट्रैंक्विलाइज़र और अन्य जरूरी उपकरण मौजूद थे। थोड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू में कर लिया गया। इस दौरान करीब 15 मिनट तक रथयात्रा को रोकना पड़ा। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। सुरक्षा टीमों ने इलाके को तुरंत खाली करवाया ताकि किसी और को चोट न पहुंचे।
फिर से शुरू हुई रथयात्रा
हाथी को नियंत्रित करने और गलियों से मुख्य मार्ग पर लाने के बाद रथयात्रा को दोबारा शुरू किया गया। गजराजों की अगुवाई में यात्रा आगे बढ़ी और भक्तों में फिर से उत्साह लौट आया। अहमदाबाद की ऐतिहासिक जगन्नाथ यात्रा के दौरान इस घटना ने सभी को चौंका दिया, लेकिन सुरक्षा बलों और महावतों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। भविष्य में ऐसे आयोजनों में तेज आवाज और भीड़ नियंत्रण को लेकर और सतर्कता बरतना जरूरी है।





