-2022-में-भाजपा-की-होगी-ऐतिहासिक-पराजय-राजपाल-कश्यप-
-2022-में-भाजपा-की-होगी-ऐतिहासिक-पराजय-राजपाल-कश्यप-

2022 में भाजपा की होगी ऐतिहासिक पराजय : राजपाल कश्यप

लखनऊ, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। यूपी में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी अपने को सत्तारुढ़ भाजपा का मुख्य प्रतिद्वन्दी मानकर चुनाव अभियान का आगाज कर चुकी है। चुनाव में सत्तारुढ़ दल को पटखनी देने के लिए सपा की क्या तैयारी है, वह किस चुनावी हथियार का इस्तेमाल करने जा रही है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर सपा के पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप ने खुलकर बात की है। आईएएनएस से एक विशेष वार्ता में राजपाल कश्यप ने कहा कि सपा प्रदेश की सभी 403 सीटों को जीतने के लिए लड़ रही है। इसीलिए पार्टी पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक चारों तरफ से भाजपा की घेराबंदी कर रही है। सभी लोगों को जोड़ने का काम हो रहा है। रालोद के साथ कितनी सीटों पर गठबंधन होगा, इस सवाल पर राजपाल का कहना है कि यह विषय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी बैठकर तय करेंगे। लेकिन, यूपी की जनता ने परिवर्तन का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने कहा कि सत्तारुढ़ भाजपा को पूरब में घेरने के लिए सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और कृष्णा पटेल भी आ गए हैं। इसके अलावा अन्य कई दल हैं जिनका समाजिक समीकरण बहुत मजबूत है। वहीं पश्चिम की घेराबंदी के लिए रालोद हमारे साथ है। बांकी पार्टी पूरी ताकत से चुनाव लड़ रही हैं। रालोद से हमारा गठबंधन बहुत पहले से चला आ रहा है। हम लोग मिलकर चुनाव लड़ेंगे और सरकार बनाएंगे। चुनावी दौर में मतदाताओं के ध्रुवीकरण के सवाल पर सपा नेता ने कहा कि लाल रंग क्रांति और परिवर्तन का प्रतीक है। इसीलिए सत्ताधारियों को डर लग रहा है। सपा ही इन्हें बाहर का रास्ता दिखाएगी। पार्टी की चुनावी तैयारियों पर बात करते हुए कश्यप ने कहा कि हमारी बूथ से लेकर सेक्टर स्तर तक की पूरी तैयारी है। एक दूसरे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के साथ छल किया है। पिछड़ा, दलित, किसान, व्यापारी सभी वर्ग इनके शासन से परेशान है। सभी वर्ग के लोग सपा की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरे राज्य में रथयात्रा लेकर निकल रहे हैं। मैंने खुद भी रथ यात्रा निकाली है। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम भी रथ यात्रा निकाल चुके हैं। महिलाओं का सम्मेलन अलग चल रहा है। हमारी पूरी तैयारी है। भाजपा को ऐतिहासिक पराजय देंगे। --आईएएनएस विकेटी/एएनएम

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in