सुरखी, हि.स.। मध्य प्रदेश में सवा साल तक रही कांगेस की कमलनाथ सरकार ने सेवा भाव की जगह सत्ता का भाव पाल लिया था। जब कांग्रेस की सरकार आई तो बड़े भाई और छोटे भाई ने मिलकर वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। प्रदेश में उद्योग नहीं लाए, ट्रांसफर-पोस्टिंग का उद्योग शुरू करके भ्रष्टाचार का खेल खेला।
कमलनाथ जी के पास अपने मंत्रियों से मिलने का समय नहीं होता था, वह बोलते थे ‘चलो, चलो, समय नहीं है’, तो वह जनता की क्या सोचते। कांग्रेस झूठ और लूट की पार्टी है, इस पर कभी भरोसा नहीं किया जा सकता। जब भी दिग्विजय जी और कमलनाथ को कुर्सी दिखती है उनकी आँखें चमकने लगती है। यह बात केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को मैहर, सुरखी, सांची और बदनावर में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
यह मेरे लिए जनता नहीं मेरा परिवार है- ज्योतिरादित्य सिंधिया
यहां भारत सरकार का कोई मंत्री नहीं, बल्कि आपके परिवार का सदस्य आया है। आप जो इतनी बड़ी संख्या में यहां मौजूद हैं, यह कांग्रेसियों के लिए भले ही चुनावी जनता होगी, लेकिन मेरे लिए मेरा परिवार है। वैसे भी सुरखी और जैसीनगर से मेरा हृदय का रिश्ता है। पारिवारिक और भावनात्मक संबंध हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि सिंधिया परिवार जिससे भावनात्मक संबंध जोड़ लेता है, उससे खून की आखिरी बूंद तक संबंध को निभाता है।
यह जन-जन के प्रत्याशी हैं
सुरखी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत भी ऐसे ही हैं, भावनात्मक संबंध के साथ आपसे जुड़े हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ही प्रत्याशी नहीं है, बल्कि जन-जन के प्रत्याशी हैं ।
कांग्रेस पर जमकर बरसे सिंधिया
सिंधिया ने कहा कि भाजपा की सोच राजनीति नहीं, जनसेवा करना है। राजनीति केवल माध्यम होना चाहिए। जबकि कांग्रेसी सत्ता और कुर्सी की लालच में दूसरे से ही लड़ रहे हैं। एक मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मैंने दूसरे के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी दे रखी है, जनता अगर गालियां देना चाहे तो उनको दे सकती है।
कांग्रेस के बारे में बताते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि टिकट के बंटवारे को लेकर लेनदेन किया जाता है तो दूसरा कहता है कि उनके कुर्ते फाड़ देना तो आप ही समझ सकते हैं कि अगर यह सरकार में आए तो मध्य प्रदेश की जनता की क्या स्थिति कर देंगे।




