MP Election 2023: 'एमपी के मन में मोदी' हाईटेक प्रचार रथ रवाना, CM शिवराज ने दिखाई हरी झंडी

Bhopal: CM शिवराजसिंह चौहान ने पार्टी नेताओं के साथ गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय से मध्यप्रदेश के 230 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के लिए हाईटेक रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
BJP High-Tech Rath
BJP High-Tech Rath

भोपाल, हि.स.। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पार्टी नेताओं के साथ गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय से मध्यप्रदेश के 230 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के लिए हाईटेक रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाईटेक रथ हर विधानसभा के हर गाँव और प्रत्येक बूथ तक भाजपा के पक्ष में वातावरण बनाएंगे।

इन रथों के माध्यम से हर दिन प्रत्येक विधानसभा में लगभग दस रथ सभाएं अलग-अलग स्थानों पर होगी, इस लिहाज से प्रतिदिन लगभग 2300 रथ सभाओं के माध्यम से भाजपा जनता के बीच अपनी उपलब्धियां जनता को बताएगी। पूरे चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा 50 हजार रथ सभा के माध्यम से एक करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी।

कांग्रेस की नाकामियों पर आधारित वीडियो फ़िल्में भी दिखाई जाएगी

इन रथों में एलईडी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताने के साथ कांग्रेस की नाकामियों पर आधारित वीडियो फ़िल्में भी दिखाई जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने प्रचार रथों को रवाना करते हुए कहा कि यह हाईटेक रथ मोदी के मंत्र को और कमल के निशान को प्रदेश के जन-जन तक पहुँचाने का काम करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा मध्य प्रदेश की जनता के नाम लिखा पत्र भी जारी किया गया। रीवा, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर से भी हाईटेक प्रचार रथ रवाना हुए।

मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने मध्य प्रदेश में चमत्कार कियाः CM

मुख्यमंत्री ने प्रचार रथों को रवाना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू और पिछड़ा प्रदेश बनाया था। कांग्रेस काल में यहाँ बुनियादी सुविधाओं का अकाल था। हमारे मध्य प्रदेश वासियों ने कांग्रेस के कुशासन को 2003 में उखाडकर फेंका। तब से अब तक सवा साल छोड़कर प्रदेश में भाजपा की सरकार है। 2003 से 2014 तक प्रदेश सरकार को केंद्र का सहयोग नहीं मिला। लेकिन 2014 में मोदी प्रधानमंत्री बने, उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन ऐसा मिला कि आज मध्य प्रदेश तेजी से आगे बढ़ा है।

मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने मध्य प्रदेश में चमत्कार किया है। आज चौतरफा प्रगति और विकास भाजपा सरकार ने किया है। आज पांच लाख किलोमीटर सड़कों का जाल, 47 लाख हेक्टेयर सिचाई की व्यवस्था, बिजली का उत्पादन 2900 मेगावाट से बढ़ाकर 2900 हजार मेगावाट और कृषि के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है, ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जिसमें भाजपा ने मध्य प्रदेश में विकास न किया हो। उन्होंने कहा कि विकास के लिए जन कल्याण के लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं से आव्हान करता हूं की प्रचार रथ हर विधानसभा में जाएंगे। हम सेवा के आधार पर विकास के आधार पर जनता से वोट मांगेगे।

हम जनता को अपने काम बता रहे हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया के मन में मोदी हैं, देश के मन में मोदी हैं, एमपी के मन में मोदी हैं और जन जन के मन में मोदी हैं। हम काम के आधार पर अपने कामों को लेकर प्रचार रथों के माध्यम से जनता के बीच जा रहे हैं। हम जनता को अपने काम बता रहे हैं और कुछ लोग श्मशान घाट पर तांत्रिक क्रियाएं कर रहे हैं, यह लोकतंत्र है! लोकतंत्र में साधना और उपासना अगर किसी की होती है तो वह जनता की होती है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र जनता के विश्वास को जीतने का माध्यम है। जनता की सेवा करो, प्रदेश का विकास करो और लोगों का कल्याण करो। यह सब हमने किया हैं, इसलिए जनता से वोट मांगने जा रहे हैं। श्मशान घाट में पूजा करने वालों तुम प्रदेश की जनता का कैसे भला करोगे। अगर पूजा करनी ही है तो तो सात्विक पूजा करो महाकाल महाराज के दरबार में जाकर। मुझे तकलीफ और आश्चर्य होता है कि तांत्रिक क्रियाएं करा रहे हैं। इसका मतलब इन लोगों को अपने ऊपर भरोसा ही नहीं है। इन्होनें जनता को लूटा और बर्बाद किया है, योजनाएं बंद करने का पाप कांग्रेस ने किया है।

प्रचार रथों से डबल इंजन सरकार की नीतियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचेगी

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र और मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार जन- जन के सर्वांगीण विकास और मध्यप्रदेश को स्वर्णिम पथ पर आगे ले जाने के लिए कृत संकल्पित है। भाजपा सरकार में गरीब कल्याण के साथ हमारा मध्यप्रदेश स्वर्णिम प्रदेश बना है।

“एमपी के मन में मोदी“ थीम पर इन प्रचार रथों से डबल इंजन सरकार की नीतियों की जानकारी जन-जन तक अधिक से अधिक सुलभ होगी, ताकि जनता भाजपा सरकार की कल्याणकारी नीतियों को और अधिक समर्थन और आशीर्वाद दे सकें। भाजपा मध्य प्रदेश ने चुनावी अभियान की दृष्टि से 230 विधानसभा के हर गाँव- गाँव के प्रत्येक बूथ तक केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की जानकारी पहुचानें में इन हाईटेक रथों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि आज विकास के कई पैरामीटर में मध्यप्रदेश नबंर वन है। आगामी समय में अपना मध्यप्रदेश फिर स्वर्णिम मध्य प्रदेश बनेगा, इस संकल्प को लेकर आज प्रचार रथ यहां से रवाना हुए हैं।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.