फर्जी शिक्षिका चर्चित अनामिका शुक्ला के बाद मऊ में मिलीं ममता राय

फर्जी शिक्षिका चर्चित अनामिका शुक्ला के बाद मऊ में मिलीं ममता राय
फर्जी शिक्षिका चर्चित अनामिका शुक्ला के बाद मऊ में मिलीं ममता राय

मऊ, 19 जून (हि.स.)। चर्चित अनामिका शुक्ला प्रकरण के बाद जिले में अब फर्जी ममता राय नामक शिक्षिका का मामला पकड़ में आया है। ममता राय के नाम पर अन्य कई शिक्षिकाओं के नौकरी करने की शिकायत सामने आते ही जांच में रंभा पांडेय नामक एक महिला पकड़ में आई। जिसके बाद आरोपित महिला फरार हो गई और उसके मायके से उसके फर्जी नाम की पुष्टि हुई है। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि उसकी सेवा समाप्त कर दी गयी है। उसके विरुद्ध एफआइआर दर्ज करने का आदेश दे दिया गया है। वह वर्ष 2000 में महाराजगंज जिले से ट्रांसफर लेकर आई थी। बेसिक शिक्षा विभाग को शिकायत मिली कि जनपद में ममता राय नामक किसी महिला के अभिलेख पर एक फर्जी शिक्षिका नौकरी कर रही है। शिकायत मिलते ही जांच शुरू हो गई। जांच में पता चला कि रतनपुरा ब्लाक के मुबारकपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में ममता राय नामक शिक्षिका का असली नाम रंभा पांडेय है, वह ममता के नाम के अभिलेखों के आधार पर फर्जी तरीके से नौकरी कर रही है। विभाग द्वारा जांच शुरू होने की खबर मिलते ही कथित ममता राय यानी रंभा पांडेय फरार हो गई। जांच में वह मूल रूप से बलिया जनपद के पांडेयपुर ताखा गांव की निवासी है। वर्ष 2000 में वह महाराजगंज जनपद से स्थानांतरण पत्र लेकर आई थी। उसके सर्विस बुक में पहली प्रविष्टि वर्ष 2011 में दर्ज की गई है। रंभा के गांव के प्रधान द्वारा उसके नाम-पता की पुष्टि होने पर रंभा को विभाग द्वारा नोटिस जारी कर जवाब देने के लिए शुक्रवार की तिथि निर्धारित थी। मगर वह उपस्थित नहीं हुई। उसकी सेवा समाप्त कर दी गई है। उसके विरुद्ध हलधरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। जिस ममता राय के नाम पर वह नौकरी कर रही थी, अभिलेखों में उसका नाम व पता बाछाबार बलिया अंकित है। उसका पता लगाया जा रहा है। संभावना है कि इस महिला के अभिलेख पर और भी लोग नौकरी कर रही हों। हिन्दुस्थान समाचार/वेद मिश्रा/राजेश-hindusthansamachar.in

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in