महाराष्ट्र में फिलहाल लॉकडाउन दोबारा लगाने का विचार नहीं: ठाकरे
मुंबई, 12 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में फिर से लॉकडाउन जारी करने का कोई विचार नहीं है। राज्य की आर्थिक व्यवस्था को धीरे-धीरे पटरी पर लाने के लिए लॉकडाउन में छूट दी गई है। राज्य के नागरिकों को भीड़ न करते हुए सरकारी नियमों का पालन करना चाहिए। उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि महाराष्ट्र में जनजीवन पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या बढ़ रही है। अब तक राज्य में 47 फीसदी से अधिक कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग राज्य में फिर से लॉकडाउन जारी होने की अफवाह फैला रहे हैं। इस तरह के लोगों को अनायास अफवाह फैलाकर लोगों को भ्रमित नहीं करना चाहिए। अफवाह फैलाने वालों पर आपराधिक मामला दर्ज किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से साफ सफाई बनाए रखते हुए, सामाजिक दूरी का पालन करने व मास्क लगाने की अपील की है। हिन्दुस्थान समाचार/राजबहादुर/सुनीत-hindusthansamachar.in