डायमंड हार्बर (दक्षिण 24 परगना), 23 मई (हि. स.)। बुधवार को ‘यश’ चक्रवात 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बंगाल की खाड़ी से टकरा सकता है। इस बीच प्रशासन यश से निपटने के लिए पहले से ही सक्रिय है। नवान्न में कंट्रोल रूम खोला गया है। जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी निगरानी करेंगी। इसे लेकर मुख्यमंत्री जिलाधिकारियों के साथ कई बैठक कर चुकी हैं। ‘यश’ से निपटने के लिए राज्य प्रशासन हर तरह की अग्रिम तैयारियां कर रहा है। इस बीच सुंदरबन में विशाल नदियों पर बांध की मरम्मत का काम पहले से ही चल रहा है। इसके अलावा सुंदरवन विकास मंत्री बंकिम हाजरा दक्षिण 24 परगना जिले के बीडियो, पुलिस अधिकारियों, मछुआरा संगठनों और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ लगातार बैठक कर रहे हैं।आज डायमंड हार्बर के बीडीओ सुकांत साहा और डायमंड हार्बर ब्लाक पुलिस अधिकारी शांतनु सेन ने मंदिरबाजार, कुलपी, फ़ालता और मोगराहाट के विधायकों के साथ बैठक की। इस बीच सुंदरबन के तटीय इलाकों के निवासियों को पहले ही यश के बारे में चेतावनी दी जा चुकी है। दूरदराज के इलाकों के निवासियों से बाढ़ केंद्र में जाने का अनुरोध किया गया है। कोरोना महामारी को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने प्रत्येक बाढ़ केंद्र में पर्याप्त मात्रा में मास्क और सैनिटाइजर उपलब्ध कराया है। बाढ़ केंद्रों में भोजन और दवा का पर्याप्त मात्रा में रखने का काम चल रहा है। तटीय क्षेत्रों में मछुआरों के गहरे समुद्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। बीडीओ कार्यालय में कंट्रोल रूम भी खोला गया है। क्विक रिस्पॉन्स टीम और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के सदस्य भी तैयार किये गए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सुगंधी/गंगा




