कोलकाता, 14 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने वाले सुनील मंडल और शिशिर अधिकारी का सांसद पद खारिज करने के लिए तृणमूल संसदीय दल के नेता सुदीप बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अनुरोध किया है। सोमवार को उन्होंने बिरला को फोन किया था और उनके खिलाफ दल बदल कानून के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सांसद पद खारिज करने की मांग की है। इसके पहले भी उन्होंने दिसंबर महीने में ही दोनों के खिलाफ उस समय लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा था जब अमित शाह की मौजूदगी में वे भाजपा में शामिल हुए थे। उसके बाद लगातार दो बार और पत्र लिखा गया है और लोकसभा अध्यक्ष से फोन पर बात भी की गई है। सोमवार को बनर्जी ने कहा कि बार-बार अनुरोध के बावजूद ओम बिरला इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं जो दुखद है। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा




