कोलकाता,12 मई (हि.स.)। सीआईडी ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के चौथे चरण के मतदान वाले दिन कूचबिहार जिले के सीतलकुची में सेंट्रल फोर्स की फायरिंग के मामले में माथाभांगा थाने के एसडीपीओ से आज पूछताछ की। इस गोलीकांड में चार लोगाें की मौत हुई थी। बुधवार को भवानी भवन स्थित जांच एजेंसी के मुख्यालय पर माथाभांगा थाने के एसडीपीओ सुरजीत मंडल पहुंचे। मामले की जांच कर रही सीआईडी टीम ने उनसे से घंटों पूछताछ की। इसके पहले सीआईडी ने माथाभांगा थाने के प्रभारी से पूछताछ कर बयान रिकॉर्ड किया था। प्रभारी से पूछताछ के बाद एसडीपीओ को तलब किया गया था। सीआईडी सूत्रों ने बताया है कि कूचबिहार के तत्कालीन एसपी रहे देवाशीष धार से भी पूछताछ की जायेगी। उल्लेखनीय है कि कूचबिहार जिले के सीतलकुची में 10 अप्रैल को मतदान के दौरान ग्रामीणों के कथित तौर पर बंदूक छीनने की कोशिश के बाद सेंट्रल फोर्स के जवानों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की थी। इस फायरिंग में चार लोग मारे गए थे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूरे मामले की जांच का आदेश दिया था। उसी के मुताबिक सीआईडी के अधिकारियों ने थाने के प्रभारी के साथ एएसआई रैंक के दो अधिकारियों से भी पूछताछ की है। साथ ही सीआईएसएफ के एक इंस्पेक्टर व कमांडेंट रैंक के अधिकारी सहित छह कर्मचारियों को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए तलब किया है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश




