डायमंड हार्बर, 11 अप्रैल (हि. स.)। रविवार को दक्षिण 24 परगना जिले के टायर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर दमकल की आठ गाड़ियां युद्धस्तर पर आग बुझाने में जुट गई। पता चला है कि रविवार दोपहर करीब दो बजे, स्थानीय लोगों ने फलता वाणिज्य केंद्र के सेक्टर-1 में टायर फैक्ट्री से धुआं निकलते देखा। तुरंत दमकल को सूचना दी गई। ज्वलनशील सामग्री अंदर मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गयी। पूरा आसमान धुएं से ढंक गया। कुछ ही समय मे दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। सूत्रों के अनुसार शाम करीब छह बजे तक आग बुझाने का काम जारी था। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है। अग्निशमन अधिकारियों ने कहा कि जब तक आग पूरी तरह से नियंत्रण में नहीं आ जाता तब तक आग लगने के कारणों को बता पाना मुश्किल है। हिन्दुस्थान समाचार/सुगंधी/गंगा





