कोलकाता, 27 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में यास चक्रवात का असर गुरुवार को भी बरकरार है। अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से बताया गया है कि बुधवार रात से ही कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर व आसपास के जिलों में लगातार बारिश हो रही है। इसके अलावा चक्रवात की वजह से समुद्र तटीय क्षेत्रों में 20 किलोमीटर के दायरे में पानी घुसा हुआ है जिसे निकालने का काम चल रहा है। राहत और बचाव में एनडीआरएफ के साथ सेना और राज्य प्रशासन जुटे हुए हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी तीन से चार डिग्री की कमी हो गई है जिसके कारण हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। उपरोक्त जिलों में बिजली आपूर्ति लगभग बाधित है जिसे सामान्य होने में कम से कम एक सप्ताह से अधिक का वक्त लगने की संभावना है। हिन्दुस्थान समाचार/ ओम प्रकाश/गंगा




