बासन्ती, 21 मई (हि. स.)। चक्रवाती तूफान ताउते के पांच राज्यों में तांडव मचाने के बाद अब एक और चक्रवाती तूफान पश्चिम बंगाल में दस्तक देने वाला है। इस तूफान को यस नाम दिया है। इस तूफान से बचाव के लिए सुन्दरवन में चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को जिले के ब्लॉक प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश देकर सभी तैयारियां पूर्ण करने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने बासन्ती, गोसाबा, कैनिंग एक नम्बर ब्लॉक के अधिकारियों के साथ ही बिजली आपूर्ति, जनस्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन आदि विभागों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। प्रशासन ने बासन्ती, गोसाबा और कैनिंग ब्लॉक के फ्लड सेन्टर सहित प्राथमिक और उच्च विद्यालय को भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। बताया गया है कि गोसाबा ब्लॉक के करीब 19 फ्लड सेन्टर एवं 18 स्कूलों को फिलहाल चिन्हित किया गया है। इन सबको सैनेटाइज किया जा रहा है। बासन्ती के 17 फ्लड सेन्टर एवं ब्लॉक के सभी स्कूलों को तैयार रखा गया है। दूसरी ओर कैनिंग एक नम्बर ब्लॉक के 28 स्कूलों को तैयार रखा गया है ताकि कोई आपदा आने पर लोगों को यहां रखा जा सके। इसके अलावा आपदा प्रबंधन विभाग ने इलाके में माइक से किसानों को खेत से फसल काट लेने और मछुआरों को समुद्र तट या नदी में मछली पकड़ने के लिए न जाने के लिए जागरूक किया गया। आपदा के समय किसी तरह की पेयजल की असुविधा न हो इसलिए पहले से ही जल संसाधन विभाग ने पानी के पैकेट तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। बिजली आपूर्ति विभाग को भी सतर्क किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा




