bengal-70-patients-in-danger-due-to-oxygen-crisis-in-marwari-hospital
bengal-70-patients-in-danger-due-to-oxygen-crisis-in-marwari-hospital

बंगाल : मारवाड़ी अस्पताल में ऑक्सीजन संकट से 70 मरीजों की जान खतरे में

कोलकाता, 07 मई (हि.स.)। कोरोना संकट के बीच कोलकाता के कई अस्पतालों में भी अब ऑक्सीजन संकट गहराने लगा है। उत्तर कोलकाता के मारवाड़ी अस्पताल में ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित हुई है। यहां कोरोना के 80 मरीज भर्ती हैं जिनमें से 70 को लगातार ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत है। शुक्रवार को अस्पताल प्रबंधन ने बताया है कि नियमित तौर पर 160 से 180 सिलेंडर ऑक्सीजन की जरूरत है लेकिन इसकी आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिसकी वजह से इन मरीजों की जान खतरे में है। अस्पताल का कहना है कि वे तीन ऑक्सीजन आपूर्ति संस्थाओं से सिलेंडर लेते थे। उनमें से एक वेंडर ने बताया है कि उनके कई कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं, जिसकी वजह से वे ऑक्सीजन की आपूर्ति समय पर नहीं कर पाएंगे। बाकी दो आपूर्तिकर्ताओं ने भी समय पर ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने में असमर्थता जाहिर की है। इस पर अस्पताल ने राज्य सरकार के पास मदद की अर्जी लगाई है। अस्पताल के प्रशासक संजीव शर्मा ने बताया है कि ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए राज्य स्वास्थ्य विभाग से भी संपर्क साधा गया है। मदद का आश्वासन मिला है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चिट्ठी लिखकर बंगाल में बनने वाली ऑक्सीजन की आपूर्ति दूसरे राज्यों में करने को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने बंगाल के लिए कम से कम 550 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in