राज्य में महिलाओं पर अत्याचार पर क्यों हैं चुप : देवश्री
कोलकाता, 03 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय महिला व बाल कल्याण राज्य मंत्री व रायगंज की भाजपा सांसद देवश्री चौधरी ने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री देश की बड़ी नेता बनना चाहती हैं। अन्य राज्यों में हो रही दु:खजनक घटनाओं की तो उन्हें चिंता हैं, लेकिन बंगाल में महिलाओं और बालिकाओं पर हो रहे अत्याचार की उनकी कतई चिंता नहीं हैं। बंगाल में दुष्कर्म, हत्या व अत्याचार के शिकार होने वालों में 95 फीसदी दलित समुदाय के हैं। चौधरी ने कहा, हाथरस की घटना दु:खजनक है, लेकिन योगी सरकार ने तत्काल कदम उठाये हैं। सिट का गठन किया। इससे जुड़े पुलिस अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। इसके साथ ही दोषियों को कड़ी सजा देने की घोषणा की गयी है, लेकिन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एक महिला हैं। हाथरस की तरह घाटाल में भी दलित महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गयी है, लेकिन मुख्यमंत्री उनके बारे में चुप हैं। वहां कोई भी तृणमूल कांग्रेस का सांसद नहीं जा रहा है न ही मुख्यमंत्री ही कोई कार्रवाई की घोषणा की है। चोपड़ा में बच्ची के साथ दुष्कर्म कर जलाकर मार दिया गया था। भाजपा के दलित विधायक देवेंद्रनाथ राय की हत्या कर दी गयी थी, लेकिन मुख्यमंत्री की ममता उन पर नहीं दिखी। उन्होंने राजस्थान में भी इसी तरह की घटना घटी है, लेकिन न तो कांग्रेस, न ही लेफ्ट और न ही तृणमूल के नेता कुछ कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये पार्टियां निर्लज्ज रूप से भाजपा विरोध की राजनीति कर रही हैं, लेकिन जनता इनका चरित्र जान चुकी हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा-hindusthansamachar.in