उत्तराखंडः भाजपा विधायक सुरेन्द्र जीना के निधन से शोक की लहर
उत्तराखंडः भाजपा विधायक सुरेन्द्र जीना के निधन से शोक की लहर

उत्तराखंडः भाजपा विधायक सुरेन्द्र जीना के निधन से शोक की लहर

देहरादून, 12 नवम्बर (हि.स.)। उत्तराखंड की सल्ट विधानसभा से विधायक सुरेन्द्र सिंह जीना के निधन से प्रदेश के राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बंशीधर भगत और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम सिंह आदि ने जीना के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य ने एक ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता खो दिया है। हाल ही में उनकी पत्नी के निधन पर मैं उनसे उनके आवास पर उनसे मिला था। उनकी गणना हमेशा सक्रिय रहने वाले विधायकों में थी। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है तथा शोक संतप्त परिवारजनों को इस दु:ख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रभावी व्यक्तित्व के धनी एवं विधायी कार्यवाही के जानकार सुरेंद्र सिंह जीना के निधन की खबर सुनकर शोक स्तब्ध हूं। कुछ दिन पहले ही उनकी पत्नी नेहा जीना इस संसार को छोड़कर चली गई थीं तब से वे खुद बीमार चल रहे थे। उन्होंने कहा कि वे सदन में क्षेत्र एवं समाज के हितों के लिए अपनी आवाज बुलंद करते थे। वे पक्ष एवं विपक्ष दोनों के लिए ही एक प्रिय नेता थे। संसदीय प्रक्रिया के गहन जानकार और हमेशा लोक महत्व के अविलंबनीय मुद्दों को सदन में उठाने वाले एक सजग प्रहरी का निधन उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी बेदाग छवि, हंसमुख मुस्कान एवं समाज के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा हमारे लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत का कार्य करेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशी धर भगत ने विधायक सुरेन्द्र सिंह जीना के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। भगत ने कहा कि जीना हमारे युवा, ऊर्जावान व योग्य कार्यकर्ता व विधायक थे और हमेशा संगठन व जनहित में सक्रिय रहते थे। वे एक शालीन व्यक्ति थे और वे हर वर्ग में लोकप्रिय थे। उनके निधन से पार्टी व समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे व उनके परिवार को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। भगत ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में वे व्यक्तिगत रूप से और पूरी पार्टी जीना परिवार के साथ खड़ी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सुरेन्द्र सिह जीना के निधन को उत्तराखण्ड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि जीना ने सल्ट क्षेत्र के विधायक के रूप में क्षेत्र के विकास में जो योगदान दिया है, उसके लिए वे सदैव याद किये जाएंगे। उनके निधन से उत्तराखण्ड की राजनीति में जो स्थान रिक्त हुआ है उसकी पूर्ति कभी नहीं हो सकती है। कांग्रेस परिवार इस दुःख की घड़ी में उनके साथ है। अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेन्द्र सिंह जीना का आज दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। तीन बार के विधायक 50 वर्षीय जीना कोरोना संक्रमित थे। एक पखवाड़ा पूर्व ही उनकी पत्नी का भी कोरोना से निधन हुआ था। हिन्दुस्थान समाचार/दधिबल-hindusthansamachar.in

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in