पौड़ी, 30 अप्रैल (हि.स.)। सरकारी विभाग जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए कितने गंभीर हैं, इसकी बानगी पर्यटन मंत्री के पैतृक गांव में देखने को मिली है। यहां पूर्ति विभाग की लापवरवाही के चलते चार माह से सरकारी सस्ते गल्ले के राशन का वितरण नहीं हुआ जनवरी में एडीएम डा. एसके बरनवाल ने पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ पोखड़ा विकासखंड के सेड़ियाखाल स्थित सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान का निरीक्षाण् किया था। अनियमितता मिलने पर लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था। पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस दुकान के उपभोक्ता पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के पैतृक गांव धैड़ की ग्राम पंचायत सैड़ियाखाल के निवासी हैं। यहां के ग्रामीणों के अलावा लखोली, कमेड़ी, एरोली, सिलेथ सहित अन्य कई गांवों के 400 से अधिक ग्रामीण हैं। इन ग्रामीणों को पिछले चार माह से राशन नहीं मिला है। जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली ने कहा कि दुकान का लाइसेंस निलंबित होने के बाद समीप की दुकान को राशन वितरण की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने अभी राशन नहीं उठाया है। हिन्दुस्थान समाचार / राज




