देहरादून, 12 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद सैनी ने शनिवार को उत्तराखंड प्रांत के पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक में कहा है कि भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए सूचना का अधिकार (आरटीआई) का अधिकाधिक उपयोग किया जाना चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ता को और अधिक दक्ष बनाने की मुहिम पर काम करना होगा। सैनी ने कहा कि कोरोना के बावजूद भी ग्राहक पंचायत के कार्यकर्ता सेवा कार्य में लगे हैं। संकट काल में एक – दूसरे से जिला और प्रांत इकाइयां ऑनलाइन बैठक के माध्यम से संवाद रखें। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का मुख्य काम व्यवस्था में सुधार कराना है। हमें पीडीएस सिस्टम पर निगरानी रखनी होगी, जिससे गरीबों को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र की छोटी समस्याओं को भी उठाना चाहिए। ज्ञापन और शिकायतों के माध्यम से शासन-प्रशासन तक समस्याओं को पहुंचा कर निराकरण कराना चाहिए। व्यापक जनहित के मामलों में जनहित याचिका हाईकोर्ट में लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि निगरानी के काम के साथ ग्राहकों को दक्ष बनाने का काम भी किया जाए, जिससे ग्राहक दक्ष एवं जागरूक होकर अपनी समस्याओं को मुख्यमंत्री से लेकर प्रमुख सचिव तक पहुंचा सके। कार्यकर्ता भ्रामक विज्ञापनों पर नजर रखें और उसकी शिकायत जिलाधिकारी और विज्ञापन काउंसिल से ऑनलाइन कर सकते हैं। इस मौके पर क्षेत्र प्रभारी भगवती प्रसाद शर्मा ने कहा कि हमें नए कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क बनाकर समाजोत्थान कार्य को बढ़ाना होगा। प्रांत अध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि प्रदेश के 13 जनपदों के साथ-साथ देहरादून महानगर के प्रत्येक वार्ड में एक प्रचार प्रमुख बनाया जाएगा। प्रांत के संगठन मंत्री लाखन सिंह ने कहा कि ग्राहक जागेगा और बोलेगा तभी व्यवस्था में परिवर्तन आएगा।बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुरेले, आशीष कालरा, उधम सिंह नगर जिला अध्यक्ष दीपेश गंगवार, वरिष्ठ आरटीआई कार्यकर्ता यज्ञ भूषण शर्मा, कमल गुप्ता,रणबीर रावत और हरिशंकर एडवाेकेट उपस्थित रहे।हिन्दुस्थान समाचार/राजेश





