stadium-to-be-built-in-ravigram-itself-mahendra-bhatt
stadium-to-be-built-in-ravigram-itself-mahendra-bhatt

रविग्राम में ही बनेगा स्टेडियम: महेंद्र भट्‌ट

जोशीमठ, 25 अप्रैल (हि.स.)। बदरीनाथ के विधायक महेन्द्र भट्ट ने स्पष्ट किया है जोशीमठ के रविग्राम मे हर हाल में स्टेडियम का ही निर्माण होगा। उसमें हेलीकाप्टर उतरने की अनुमति भी होगी। उल्लेखनीय है कि सीमान्त क्षेत्र जोशीमठ के ब्लाक व तहसील मुख्यालय जोशीमठ में वर्षों से एक अदद खेल मैदान की मांग की जाती रही है। जोशीमठ की जनभावनाओं को समझते हुए दो-दो पूर्व मुख्यमंत्रियों ने जोशीमठ के रविग्राम मे स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। पूर्ववर्ती हरीश रावत सरकार ने खेल मैदान के विकास के लिए 15 लाख रुपये भी अवमुक्त किए। यह रकम खर्च हो गई। बाद के वर्षों मे जब उक्त भूमि का हस्तान्तरण पिटकुल से खेल विभाग को नहीं हुआ तो आशंका बलवती हुई कि कहीं भविष्य मे इस पर पिटकुल अपना कार्य शुरू न कर दे। इस आंशका के बाद स्थनीय जनप्रतिनिधियों ने पूरे मामले को क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र भट्ट के संज्ञान मे लाया। तब पूर्व मुख्य मंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के जोशीमठ भ्रमण के दौरान भी रविग्राम में स्टेडियम निर्माण की घोषणा की गई। इस घोषणा के बाद जिलाधिकारी ने जोशीमठ की उप जिलाधिकारी को पत्र भेजकर रविग्राम में स्थित पिटकुल की भूमि को नागरिक उड्डयन विभाग के नाम दर्ज कागजात करते हुए पिटकुल को किसी अन्य स्थान पर भूमि आवंटित किए जाने का आदेश दिया। इस पत्र के सार्वजनिक होने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अब विधायक महेन्द्र भट्ट ने कहा है कि रविग्राम में ही स्टेडियम का निर्माण होगा, लेकिन इस स्टेडियम मे गोपेश्वर की तर्ज पर हेलीकाप्टर उतरने की अनुमति होगी। स्टेडियम में खेल विभाग व नागरिक उड्डयन विभाग दोनों की धनराशि व्यय होगी। इसका उपयोग स्टेडियम के रूप मे ही होगा। विघायक ने बताया कि उपरोक्त संबन्ध मे मुख्यमंत्री से विस्तार से वार्ता हो चुकी है। हिन्दुस्थान समाचार/प्रकाश कपरूवाण

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in