पौड़ी, 09 मई (हि.स.) । एसएसपी पौड़ी पी रेणुका देवी की अभिनव पहल कम्युनिटी बास्केट महमारी के इस दौर में जरूरतमंदों के लिए संजीवनी साबित होगी। मददगारों को भी असहायों व जरूरतमंदों तक सहायता सामग्री पहुंचाने में आसानी होगी। पौड़ी पुलिस ने जनपद के प्रत्येक थाना व चौकी में कम्युनिटी बास्केट तैयार किए हैं। मददगार व्यक्ति जो भी वस्तु जरूरतमंदों तक पहुंचाना चाहता है, वह थाने में या फिर किसी पुलिसकमी को दे सकता है, जिसे पुलिस जरूरतमंद तक पहुंचाएगी। एसएसपी पी रेणुका देवी ने गरीब व असहाय लोगों की मदद के लिए जिले के सभी थानों में कोरोना के संकटकाल में कम्युनिटी बास्केट बनाने के निर्देश दिये । कोई भी व्यक्ति अगर इस आपदा के समय में गरीब व असहाय लोगों की मदद करना चाहता है तो वह अपने थाने में बने कम्युनिटी बास्केट में मदद की साम्रगी राशन, सब्जी, फल, दवाई, थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर बिस्किट आदि दे सकता है, जिसे थाना क्षेत्र के गरीब व असहाय लोगों तक पहुंचाया जा सके। जनपद के सभी थानों में कम्युनिटी बॉक्स बनाकर थानों में रख दिए गए हैं । एसएसपी पौड़ी पी रेणुका देवी का कहना है कि इस महामारी के दौर में असहाय व जरूरतमंद तक सहायता पहुंचें। इसके लिए पौड़ी पुलिस प्रयासरत है। हिन्दुस्थान समाचार /राज




