ऋषिकेश ,05 जून (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने ‘विश्व पर्यावरण दिवस‘ के अवसर पर बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर फलदार पौधों का रोपण किया। शनिवार को आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल ने कहा कि ऑक्सीजन एवं पर्यावरण को संरक्षित रखने और उत्तराखंड को हरा-भरा बनाये रखना हम सब लोगों का परम कर्तव्य है। प्रकृति को सहेज कर रखना हमारी गौरवशाली परम्परा है, जिसका प्रमाण वृक्षों की पूजा से मिलता है। उन्होंने कहा है कि यह दिवस हमें मानव और प्रकृति के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने की प्रेरणा देता है ।पर्यावरण संतुलन बिगड़ने से आज जल, वायु, भूमि सभी क्षेत्रों में प्रदूषण का बढ़ना एक बड़ी चुनौती के रूप में हमारे सामने है।उन्होंने कहा कि घर में होने वाले किसी भी शुभ पर्व पर हम पौधरोपण से उस कार्य की शुरुआत करें ताकि हमारे व्यवहार में पर्यावरण संरक्षण जुड़ सकें। इस अवसर पर वीर भद्र मंडल के अध्यक्ष अरविंद चौधरी, वीर भद्र मंडल की महिला मोर्चा की अध्यक्ष रजनी बिष्ट, नगर निगम पार्षद सुंदरी कंडवाल, रवि शर्मा, निर्मला उनियाल, बबीता, सुमन देवी, निर्भया भंडारी, राहुल कुकरेती, सुमन यादव आदि सहित अनेक लोग उपस्थित थे । हिन्दुस्थान समाचार /विक्रम




