mahant-manish-bharti-is-the-inspiration-of-young-saints-ravindrapuri
mahant-manish-bharti-is-the-inspiration-of-young-saints-ravindrapuri

महंत मनीष भारती युवा संतों के प्रेरणास्रोत: रविन्द्रपुरी

हरिद्वार, 11 मई (हि.स.)। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा है कि ब्रह्मलीन महंत मनीष भारती युवा संतों के प्रेरणा स्रोत थे। मायापुर स्थित श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी में ब्रह्मलीन महंत मनीष भारती महाराज के सूक्ष्म रूप से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि महापुरुषों के सानिध्य में व्यक्ति का जीवन सदैव उन्नति की ओर अग्रसर होता है और संतों ने धर्म की रक्षा एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण में हमेशा ही अहम भूमिका निभाई है। ब्रह्मलीन महंत मनीष भारती महाराज एक दिव्य महापुरुष थे। उन्होंने हमेशा ही अखाड़े की परंपराओं का निर्वहन करते हुए सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाया। महंत मनीष भारती महाराज के ब्रह्मलीन होने से अखाड़े को अपूरणीय क्षति हुई है। जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि महापुरुषों के जीवन से सभी को प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान प्रदान करना चाहिए। इस दौरान श्रीमहंत ओंकार गिरी, महंत राधे गिरी, महंत नीलकंठ गिरी, महंत नरेश गिरी, महंत शंकरानंद सरस्वती, श्रीमहंत गिरिजा नंद सरस्वती, दिगंबर गंगागिरी, दिगंबर आशुतोष पुरी, दिगंबर बलवीर पुरी, स्वामी आलोक गिरी, स्वामी मधुर वन, स्वामी रघु वन, स्वामी रवि वन आदि संत मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in