रुद्रप्रयाग, 27 फरवरी (हि.स.)। जिला कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी मनुज गोयल की अध्यक्षता में शनिवार को आगामी यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग ससमय यात्रा तैयारियों को पूर्ण करना सुनिश्चित करें। घोड़े -खच्चर के मालिकों व हॉकरों का समय से पंजीकरण, पशु चिकित्सा फिटनेस प्रमाण पत्र व लाइसेंस बन सके, इसके लिए जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी व अपर मुख्य अधिकारी को 25 मार्च से गांव-गांव में कैम्प लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 25 मार्च से गांव में कैम्प लगाने के लिये रोस्टर बनाकर ग्रामीणों को ससमय सूचित भी किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि घोड़े -खच्चरों के समय से लाइसेंस व पंजीकरण बनने से व्यवस्थित यात्रा संचालित की जा सकेगी। बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश सिंह नितवाल, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, सीडीओ भरत चंद्र भट्ट, डीडीओ मनविंदर कौर, पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, अपर मुख्य अधिकारी अशोक शर्मा, आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवार आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थाान समाचार/रोहित/मुकुंद





