holi-fun-increased-with-cheetabandha-and-coloration
holi-fun-increased-with-cheetabandha-and-coloration

चीरबंधन और रंगधारण के साथ बढ़ी होली की मस्ती

नैनीताल, 24 मार्च (हि.स.)। सरोवरनगरी में बुधवार को चीरबंधन व रंगधारण के साथ होली के रंग और मस्ती में लोग डूब गए। मुख्यालय में जगह-जगह सार्वजनिक कार्यक्रम हो रहे हैं। घरों में भी लोग ढोल मंजीरों के साथ होली का गायन कर रहे हैं। बुधवार को नगर की प्रतिष्ठित रंगमंच संस्था युगमंच के तत्वावधान में 25वां होली महोत्सव प्रारंभ हुआ। इसकी शुरुआत काली कुमाऊं अंचल के खेतीखान के डॉ. देवेंद्र ओली की अगुवाई में आए वसंतोत्सव समिति के ललित मोहन, महेश जोशी, बद्रीदत्त भट्ट, विजय मनराल, किशोर जुकरिया, आलोक वर्मा, मुकुल मनराल, प्रदीप ओली, किशन देव सहित 40 सदस्यीय होल्यारों के दल द्वारा नगर की आराध्य देवी माता नयना देवी के मंदिर में ‘हो रही जै जैकार कालिका, कलियुग में अवतार भयी, तुम तो भयी तपवान कालिका कलियुग में अवतार भये’ व ‘जय बोलो यशोदा नन्दन की, विनती करत हूं पइयां पड़त हूं, सुखदायक दुखभंजन की, जय बोलो यशोदा नन्दन की’ के होली गायन से हुई। उल्लेखनीय है कि सर्वप्रथम होली मंदिरों में ही गाये जाने की परंपरा है। नगर की महिलाओं ने भी नयना देवी मंदिर में होली गायन किया। इसके अलावा ‘स्वांग’ का भी प्रदर्शन किया। स्वांग के जरिए समाज की विद्रूपदा पर कटाक्ष किए गए। रामलीला मैदान में फागोत्सव के मुहूर्त के अनुसार पयां यानी पद्म वृक्ष की टहनी पर सुबह 10 बजकर 24 मिनट पर चीरबंधन तथा रंगधारण किया गया। इस दौरान बृज मोहन जोशी, भीम सिंह कार्की व हीरा सिंह द्वारा बनाई गई रंगोली भी दर्शनीय रही। आचार्य भगवती प्रसाद जोशी ने मनोज साह, जगदीश बवाड़ी व विमल साह के माध्यम से पूजन संपन्न कराया। सोनी जंतवाल, प्रियंका कांडपाल, अनुष्का कोहली, कुणाल एवं बृजमोहन जोशी आदि ने सिद्धि को दाता बिघ्न विनाषन व कैलै बांधी चीर आदि होली गीत प्रस्तुत किए। अपराह्न में वरिष्ठ होल्यार नवीन चंद्र साह, श्याम नारायण, मुकेश जोशी ‘मंटू’, अरविंद पडियार, राजीव लोचन साह, मनोज जोशी, डा. नारायण सिंह जंतवाल, राजा साह, जहूर आलम व डीके शर्मा आदि गणमान्यों की उपस्थिति में चम्पावत के होल्यार देवेंद्र ओली, गोपाल मनराल, तथा महिला होली के लिए नैनीताल की रजनी चौधरी को सम्मानित किया गया। इस दौरान धूम मची ब्रजमंडल में, सखी धूम मची ब्रजमंडल में तथा संगीत शिक्षिका डिम्पल जोशी द्वारा सिद्धि करो महाराज होलिन के दिन में व कृति जोशी के साथ रंग देख जिया ललचाये, देखो कान्हा ब्रज में होली मचाए की प्रस्तुति की। भारतीय शहीद सैनिक स्कूल के शिक्षकों प्रेमा त्रिपाठी, मुक्ता व नेहा आर्या के नेतृत्व में हेमा बिष्ट, किरन जोशी, गीता भट्ट, भूमिका आर्या, हर्षिता, अंजली कोमल, काजल, बबिता, निकिता, भास्कर, कैफ, हर्षित आदि बाल कलाकारों की टीम ने भी पैलागों कर जोरी कन्हैया मो संग खेलो ना होरी, होली आई रे आई रे होली आई रे, कान्हां तेरी बांकी चितवनिया ओ रे सांवरिया काहे मारे नैनों से नजरिया ओ सावरिया, आदि होलियां गायीं। कार्यक्रम का संचालन हेमन्त बिष्ट ने किया। आयोजन में भास्कर बिष्ट, नवीन बेगाना, मनोज कुमार, पंकज बिष्ट, व हिमांशु पांडे आदि द्वारा भी योगदान दिया गया। हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.नवीन जोशी/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in