governor-practiced-yoga-on-international-yoga-day
governor-practiced-yoga-on-international-yoga-day

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्यपाल ने किया योगाभ्यास

नैनीताल, 21 जून (हि.स.)। सरोवरनगरी नैनीताल में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की धूम रही। अनेक स्थानों पर योग कार्यक्रम में हुए। लोगों ने अपने घरों पर भी योग किया। नैनीताल राजभवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने भी प्राणायाम एवं योगाभ्यास किया। इस मौके पर राज्यपाल मौर्य ने कहा कि योग भारतीय जीवन पद्धति में हमेशा से शामिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विश्व पटल पर भारतीय योग की स्वीकार्यता को एक साथ मिलकर मनाने का अवसर है। योग आध्यात्मिक, मानसिक और शाररिक अनुशासन है। इससे न सिर्फ शारीरिक अभ्यास या व्यायाम बल्कि विचारों और कार्यों के बीच संतुलन और तालमेल स्थापित किया जा सकता है। कोरोना महामारी के संकट में पूरे विश्व ने आयुर्वेद और योग की उपयोगिता को और अधिक समझा और इसके लाभ के महत्व को जानकर इसे अपनाया है। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपनी इस प्राचीन परम्परा को पूरे गौरव के साथ अपनी आने वाली पीढ़ियों को सिखाना, समझाना और सौंपना चाहिए। इसके अलावा राज्यपाल ने आज प्रशासनिक अमले के साथ नगर की आराध्य देवी माता नयना देवी के मंदिर पहुंच कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि के साथ ही देश और दुनिया से कोरोना की समाप्ति और पीड़ितों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी प्रार्थना की। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरिता आर्य ने अपने भूमियाधार स्थित आवास पर महिलाओं के साथ योगाभ्यास किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथों में योगाभ्यास किया। दुर्गापुर वीरभट्टी स्थित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में छात्रों के बीच योग से संबंधित ऑनलाइन प्रश्नमंच प्रतियोगिता कराई गई। विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने अपने घरों पर सपरिवार योग करके योग दिवस मनाया। मुख्य अतिथि के रूप में विद्या भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू शामिल हुए। आयोजन में विद्या भारती के प्रांत निरीक्षक विजय पाल, प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह भी शामिल रहे। प्राणी उद्यान में डीएफओ बीजू लाल के निर्देशन में योग किया गया। स्थानीय मुख्य डाकघर में भी इस मौके पर पूरे दिन प्रोजेक्टर के माध्यम से यौगिक क्रियाओं का प्रदर्शन कर आने वाले लोगों को योग के प्रति जागरूक किया गया। हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.नवीन जोशी

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in