देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने लोगों को भगवान शिव की आराधना की प्रतीक पुण्यदायी मौनी और सोमवती अमावस्या की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान गौरीशंकर के आशीर्वाद से सभी के जीवन में हमेशा सुख-शांति बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर कुंभ में गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करें। मुख्यमंत्री ने बताया कि बाॅर्डर पर आरटीपीसीआर की व्यवस्था की गई है। बाहर से आने वाले सभी श्रद्धालुओं को टेस्टिंग के बाद ही स्नान के लिए आगे भेजा जा रहा है। कुंभ 12 साल में एक बार आता है। इसलिए सभी श्रद्धालुओं और साधु-संतों के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी से केंद्र की कोविड गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पहला शाही स्नान श्रद्धा के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हो चुका है। आने वाले शाही स्नानों के लिए भी उचित व्यवस्था की गई है। केंद्र सरकार ने सभी चीजें जैसे मास्क, पीपीई किट आदि उपलब्ध करवाई हैं। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना को लेकर राज्य में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। विश्वास है कि आगे भी स्थिति नियंत्रण में रहेगी। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/मुकुंद




