-विधायक डा. धन सिंह नेगी ने उपवास को बताया नौटंकी -कांग्रेस ने सरकार को कोविड नियंत्रण में बताया फेल नई टिहरी, 25 अप्रैल (हि.स.)। किशोर के जिला अस्पताल में उपवास पर बैठने पर भाजपा- कांग्रेस आमने-सामने हैं। भाजपा विधायक ने इस मात्र राजनिती बताया, तो किशोर समर्थकों ने भाजपा पर जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ने का आरोप लगाया। रविवार को लाकडाउन के दिन कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के जिला अस्पताल बौराड़ी में उपवास पर बैठने को टिहरी के भाजपा विधायक डा धन सिंह नेगी ने नौटंकी करार दिया। उन्होंने कहा कि कोविड के गंभीर दौर में कांग्रेस के लोगों को उपवास पर बैठने के बजाय दिक्कतों को ज्ञापन के माध्यम से सरकार के सामने लाना चाहिए था। इस समय कोविड नियंत्रण में सहयोग के लिए भी आगे आना चाहिए, लेकिन कांग्रेस के लोग राजनीति करने से बाज नहीं आते हैं। आज लाकडाउन के दिन उपवास के बहाने राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम किया जा रहा है। जो ठीक नहीं है। राजनीति के लिए राजनीति का समय ही चुना जाना चाहिए। भाजपा विधायक के इस बयान का वीडियो सोशल मीडीया पर चला तो किशोर समर्थकों ने भी भाजपा विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जोत सिंह विष्ट ने कहा है कि विधायक किस नाटक की बात कर रहे हैं, क्या विधायक आज के हालात से संतुष्ट हैं। भाजपा सरकार क्या दूसरी लहर को रोकने के लिए तैयार थी, जैसे सवाल उठाते हुये विधायक को गैर जिम्मेदाराना ठहराया। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुये कहा कि भाजपा विधायक की नाक के नीचे जिला अस्पताल में वेंटिलेटर शोपीस बने हैं। नरेंद्रनगर में ऑक्सीजन प्लांट एक इलेक्ट्रिक पैनल न लगने के कारण शुरू नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि कोविड के दूसरे लहर से पहले का समय भाजपा सीएम को बदलने व राजनीति करने में गुजारा है, कोविड नियंत्रण को कोई तैयारी नहीं की गई, जिसके परिणाम है कि कोविड नियंत्रण में सरकार पस्त हो गई है। हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल




