assembly-speaker-thanked-everyone-for-their-cooperation
assembly-speaker-thanked-everyone-for-their-cooperation

विधानसभा अध्यक्ष ने सहयोग के लिए सबका आभार जताया

-बजट पास, सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित गोपेश्वर, 06 मार्च (हि.स.)। गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में शनिवार को सदन में बजट पास हो गया। इसके बाद उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। बजट सत्र छह दिन चला। सदन की कार्यवाही 31 घंटे 29 मिनट तक चली। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 1 मार्च से आहूत हुए बजट सत्र कोरोना महामारी जैसी अपरिहार्य परिस्थितियों में भी शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। सदन में अधिकांश समय सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा। विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष एवं पक्ष के सभी सदस्यों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया । उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान 630 प्रश्न प्राप्त हुए। इनमें 11अल्पसूचित प्रश्न में तीन उत्तरित, 186 तारांकित प्रश्न में 50 उत्तरित, 352 आतारांकित प्रश्न में 85 उत्तरित किए गए। कुल 81 प्रश्न अस्वीकार किये गये। 32 याचिकाओं में से सभी स्वीकृत की गईं। नियम 300 में प्राप्त 28 सूचनाओं में 25 सूचनाएं ध्यानाकर्षण के लिये, नियम 53 सूचनाओं में 8 स्वीकृत एवं 19 ध्यानाकर्षण के लिये रखी गयीं। नियम 58 में प्राप्त 23 सूचनाओं में सभी को स्वीकृत किया गया। नियम 299 में दो सूचना प्राप्त हुई, जो कि स्वीकृत की गयीं, नियम 310 में प्राप्त चार सूचनाएं नियम 58 में स्थानांतरित की गई। अग्रवाल ने कहा सदन पटल से इनफाई विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2021, उत्तराखंड राज्य कृषि उपज और पशुधन विपणन प्रोत्साहन एवं सुविधा (संशोधन) विधेयक 2021, उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश जमीदारी विनाश और भूमि व्यवस्था अधिनियम 1950) (संशोधन) विधेयक 2021, उत्तराखंड पंचायती राज (संशोधन) विधेयक 2021, उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1959) (संशोधन) विधेयक 2021, उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916) (संशोधन) विधेयक 2021, देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय विधेयक, सूरजमल विश्वविद्यालय विधेयक 2021, स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2021, उत्तराखंड विनियोग विधेयक 2021, पारित किए गए। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सत्र के दौरान 24वीं बार ऐसा हुआ कि सदन के भीतर प्रश्नकाल में सदस्यों की ओर से पूछे गये सभी तारांकित प्रश्न निश्चित समायावधि (एक घंटा 20 मिनट) में उत्तरित हुए। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार विधानसभा सत्र की कार्यवाही को उत्तराखंड डीआईपीआर फेसबुक पेज में लाइव दिखाया गया। ग्रीष्मकालीन राजधानी की प्रथम वर्षगांठ पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम दीपोत्सव का अभूतपूर्व आयोजन किया गया। उन्होंने सदन के अंदर-बाहर बेहतर इंतजाम एवं अच्छी व्यवस्था के लिए विधानसभा के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने स्थानीय शासन व पुलिस प्रशासन का सत्र के सफल संचालन के लिए व प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सभी पत्रकार बंधुओं का भी धन्यवाद किया। हिन्दुस्थान समाचार/जगदीश/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in