नई टिहरी, 03 मई (हि.स.)। सूबे के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कोविड नियंत्रण को समीक्षा बैठक नगर पालिका टाउन हाल में ली। मंत्री ने नरेंद्रनगर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट संचालन में की जा रही देरी पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुये डाक्टरों को कड़ी हिदायत दी। कोविड मरीजों के फरार होने वाले मामले को भी उन्होंने गंभीर बताते हुये इस अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की। उनियाल ने कहा कि शादियों में पुलिस व प्रशासन निर्धारित संख्या सुनिश्चित करवाने का काम करे। कोविड गाइडलाइन के उल्लंघन पर कोताही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि इस समय आम लोगों को जीवन बचाना सरकार की प्राथमिकता में है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग सहित पुलिस व प्रशासन तत्परता से काम करें। मंत्री ने जिला प्रशासन को कालाबाजारी करने वालों व भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिये। कहा-राशन वितरण समय पर किया जाए। प्रवासियों को लेकर सचेत रहने की जरूरत है। चेकिंग पोस्टों पर सम्बंधित गांव से सत्यापन करवा कर ही प्रवेश करने दिया जाए। प्रवासियों को प्रशासन उनकी सामाजिक जिम्मेदारियों से अवगत कराने का भी काम करे। बैठक में डीएम इवा श्रीवास्तव, सीडीओ अभिषेक रूहेला, डीडीओ सुनील कुमार, एसडीएम युक्ता मिश्र, रोशन रतूड़ी आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल




