सपा का किसान घेरा कार्यक्रम 25 को, गांव में किसानों के बीच नेता लगाएंगे चौपाल
सपा का किसान घेरा कार्यक्रम 25 को, गांव में किसानों के बीच नेता लगाएंगे चौपाल

सपा का किसान घेरा कार्यक्रम 25 को, गांव में किसानों के बीच नेता लगाएंगे चौपाल

-किसान यात्रा निरस्त करते हुए रविवार को कर दिया गया समापन लखनऊ, 20 दिसम्बर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आगामी 25 दिसम्बर को समाजवादी किसान घेरा कार्यक्रम का आयोजन होगा। गांव के स्तर पर किसानों के बीच पार्टी के नेता घेरा बनाकर चौपाल लगाएंगे। पार्टी के सांसद, विधायक तथा अन्य प्रमुख नेता स्वयं किसी गांव में जाकर किसान घेरा कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। अब तक चल रही किसान यात्रा का रविवार को 14वें दिन समापन कर दिया गया है। किसान यात्रा कार्यक्रम अब निरस्त कर दिया गया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि समाजवादी किसान घेरा कार्यक्रम में पार्टी नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएंगी। वे जहां किसानों से संवाद करेंगे वहीं उन्हें समाजवादी नीतियों तथा समाजवादी सरकार की उपलब्धियों की भी जानकारी दी जाएगी। समाजवादी घेरा कार्यक्रम में पार्टी नेता गांवों में किसानों की चैपाल में फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) एवं तथाकथित कृषि सुधार अधिनियम की सच्चाई से भी अवगत करायेंगे कि भाजपा सरकार किसानों को किस कदर बर्बाद करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि विडम्बना है कि देश का अन्नदाता ठण्ड में ठिठुरते हुए अपनी बात कहना चाहता है। लेकिन, प्रधानमंत्री सिर्फ अपने मन की बात कर रहे हैं। भाजपा की हठधर्मी के चलते कई किसान अपनी जानें गवा बैठे हैं। भाजपा सरकार किसानों को बदनाम कर रही है। किसानों तक यह बात पहुंचाने और सरकारी साजिशों का पर्दाफाश करने के लिए गांव-गांव में समाजवादी नेता अलाव जलाकर घेरा में चौपाल करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसान और गांव के लिए प्रतिबद्ध रही है। जब देशव्यापी किसान आंदोलन शुरू हुआ तो सपा ने उसका पूरी दृढ़ता से समर्थन किया। किसानों के भारत बंद में भी समाजवादी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया था। समाजवादी पार्टी किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं कर सकती। हिन्दुस्थान समाचार/संजय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in