शिवरात्रि: शिवालयों में नहीं होगा जलाभिषेक
शिवरात्रि: शिवालयों में नहीं होगा जलाभिषेक

शिवरात्रि: शिवालयों में नहीं होगा जलाभिषेक

मेरठ, 16 जुलाई (हि.स.)। सावन महीने की शिवरात्रि पर मेरठ के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालु अपने आराध्य भगवान शिव का जलाभिषेक नहीं कर पाएंगे। पुलिस प्रशासन की सख्ती के चलते शिव मंदिरों में शिवरात्रि पर जलाभिषेक नहीं हो पाएगा। पुलिस ने पहले ही मंदिर समितियों को नोटिस देकर भीड़ जुटने पर कार्रवाई की चेतावनी दी हुई है। कोरोना आपदा के चलते पुलिस प्रशासन ने मेरठ शहर के प्रमुख शिव मंदिरों को सावन महीने में बंद करा रखा है। पुलिस की ओर से सभी शिव मंदिरों की प्रबंध समितियों को नोटिस जारी किया गया है, जिसमें मंदिरों में भीड़ जुटने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस कारण सावन महीने में शिव मंदिर बंद पड़े हैं। अब शिवरात्रि पर भी श्रद्धालु मंदिरों में जलाभिषेक नहीं कर पाएंगे। औघड़नाथ मंदिर पर जुटते हैं लाखों श्रद्धालु प्रत्येक वर्ष हरिद्वार से कांवड़ लाकर लाखों श्रद्धालु मेरठ कैंट स्थित बाबा औघड़नाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक करते हैं। इस बार कांवड़ यात्रा बंद रहने से श्रद्धालु अपने आराध्य पर जल नहीं चढ़ा पाएंगे। मंदिर समिति के महामंत्री सतीश सिंघल का कहना है कि मंदिर समिति ने शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए दो-दो मीटर पर निशान लगवाए हैं। मंदिर में पांच लोगों को दर्शन कराने के लिए तैयारी थी। मंदिर के बाहर पुलिस व्यवस्था कराती, लेकिन प्रशासन ने भीड़ जुटने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है, ऐसे में मंदिर बंद रखना पड़ा है। इसी तरह से सदर बाजार स्थित बिल्वेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी को भी पुलिस नोटिस दिया है। इस नोटिस में मंदिर अग्रिम आदेशों तक बंद रखने को कहा गया है। भीड़ जुटने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र जोशी का कहना है कि प्रशासन के निर्देश पर मंदिर रखा गया है। इसी तरह से मोहनपुरी स्थित दयालेश्वर महादेव मंदिर, केसरगंज स्थित झाड़खंड़ी महादेव मंदिर, धर्मेश्वर महादेव मंदिर आदि सभी बंद हैं। इस बारे में अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम सुनीता सिंह का कहना है कि मंदिर समितियों को मंदिर खोलने के लिए दिशा-निर्देश देकर लिखित में सहमति मांगी गई थी। समितियों ने लिखित में कोई जवाब नहीं दिया। इस कारण व्यवस्था नहीं बन पाई। लिखित आश्वासन मिलने पर व्यवस्था की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in