विन्ध्यवासिनी मन्दिर (काॅरिडोर) परिक्रमा मार्ग परियोजना के प्रस्ताव को मंजूरी
विन्ध्यवासिनी मन्दिर (काॅरिडोर) परिक्रमा मार्ग परियोजना के प्रस्ताव को मंजूरी

विन्ध्यवासिनी मन्दिर (काॅरिडोर) परिक्रमा मार्ग परियोजना के प्रस्ताव को मंजूरी

लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मंत्रिपरिषद ने जनपद मीरजापुर में विन्ध्यवासिनी मन्दिर (काॅरिडोर) परिक्रमा मार्ग बनाये जाने के लिए परियोजना के क्रियान्वयन के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। मंत्रिपरिषद ने परियोजना की आगे की कार्यवाही पर निर्णय करने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है। जनपद मीरजापुर स्थित आदि शक्ति मां विन्ध्यवासिनी देवी मन्दिर एक अत्यन्त प्रसिद्ध श्रद्धा का केन्द्र है। विन्ध्याचल स्थित मुख्य मन्दिर मां विन्ध्यवासिनी धाम के चारों तरफ परम्परागत तौर पर श्रद्धालुओं द्वारा परिक्रमा की जाती है। लेकिन, मन्दिर परिसर में परिक्रमा मार्ग सीमित एवं संकरा होने के कारण दुर्घटना की सम्भावना बनी रहती है। विन्ध्यवासिनी मन्दिर (काॅरिडोर) परिक्रमा मार्ग बन जाने से पर्यटक सुविधाओं में वृद्धि होगी तथा दुर्घटना की सम्भावना कम की जा सकेगी। विन्ध्यवासिनी मन्दिर काॅरीडोर बनाए जाने हेतु विन्ध्यवासिनी मन्दिर के आस-पास चारों ओर 50 फीट चैड़ाई वाला परिक्रमा पथ बनाया जाएगा। विन्ध्यधाम गंगा नदी के तट पर स्थित है जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना अर्थ गंगा के अन्तर्गत जलक्रीड़ा एवं साहसिक पर्यटन की अपार सम्भावनाएं मौजूद हैं। इसके साथ ही साथ विन्ध्याचल के समीप अनेक जल प्रपात जैसे विन्डम फाॅल, कुशेरा फाॅल, टाडा फाॅल आदि भी स्थित हैं, जहां पर इको टूरिज्म की अत्यधिक सम्भावनाएं विद्यमान हैं। विन्ध्यधाम में पर्यटन सुविधाओं के विकास से यहां पर विभिन्न श्रेणी के पर्यटकों का आवागमन बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ-साथ पूंजी निवेश में भी वृद्धि होगी। हिन्दुस्थान समाचार/संजय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in