बाॅयलर फटने की घटना में घायल एक बच्ची की मौत, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
बाॅयलर फटने की घटना में घायल एक बच्ची की मौत, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

बाॅयलर फटने की घटना में घायल एक बच्ची की मौत, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

हापुड़, 13 सितम्बर (हि.स.)। थाना हाफिजपुर के गांव बड़ौदा सिहानी में रविवार को बाॅयलर फटने और 24 लोगों के घायल होने की घटना की जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रियल जांच करने के आदेश दिए हैं। इस दुर्घटना में घायल हुई एक बच्ची की मौत हो चुकी है। दूसरी ओर ग्रामीणों ने इस दुर्घटना की चपेट में आए लोगों को सहायता राशि दिए जाने की मांग की है। बड़ौदा सिहानी गांव में रविवार को बाॅयलर फटने के कारण हुई दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जिलाधिकारी अदिति सिंह ने मजिस्ट्रियल जांच करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने धौलाना के उपजिलाधिकारी अरविन्द कुमार को जांच अधिकारी नामित कर निष्पक्ष जांच कर शीघ्र ही अपनी रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों का अस्पतालों में समुचित उपचार कराया जा रहा है। अस्पतालों से स्वस्थ होने के बाद ही छुट्टी दी जाएगी। इस दुर्घटना में घायल हुई ग्राम बड़ौदा सिहानी निवासी एक 11 वर्षीय बच्ची की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है और एक छह वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। इस दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन ने घायल हुए लोगों और जिनके मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन लोगों को सहायता राशि देने की मांग की है। कांग्रेस के नेता और पूर्व विधायक गजराज सिंह ने अस्पताल में जाकर घायलों से मुलाकात की और जिला प्रशासन से उन्हें सहायता राशि देने की मांग की। उन्होंने मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को पांच लाख रुपये और अन्य घायलों को दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि बड़ौदा सिहानी गांव में रविवार सुबह एक मावा बनाने के संयंत्र का बाॅयलर फटने और बाॅयलर के टुकड़े एक मकान पर गिरने के कारण मकान ढह जाने के बाद उसके मलबे की चपेट में आकर 24 लोग घायल हो गए थे। इन घायलों में दस बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों का जिला प्रशासन द्वारा हापुड़ के दो अस्पतालों में उपचार कराया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव ने बताया कि उपचार के दौरान एक बच्ची की मौत हो गई है। घायलों का समुचित उपचार किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच करने के आदेश दिए हैं। जांच होने के बाद दुर्घटना के कारणों की और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों जानकारी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/ विनम्र व्रत त्यागी/रामानुज-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in