उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने माटी की कलाकृतियों को खरीद लोगों से की क्रय करने की अपील
उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने माटी की कलाकृतियों को खरीद लोगों से की क्रय करने की अपील

उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने माटी की कलाकृतियों को खरीद लोगों से की क्रय करने की अपील

- भाजपा सरकार स्वदेशी अपनाने की दिशा में कर रही उल्लेखनीय कार्य: केशव मौर्य -उप मुख्यमंत्री ने माटी की हस्तनिर्मित कलाकृतियों के निर्माताओं को किया सम्मानित लखनऊ, 09 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को यहां कहा कि भाजपा सरकार स्वदेशी अपनाने व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। माटी की हस्तनिर्मित कलाकृतियों के निर्माताओं को उन्होंने आज सम्मानित भी किया। राजधानी स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि उप्र सरकार ने माटी कला बोर्ड की स्थापना कर माटी की मूर्तियों व अन्य सामग्री बनाने वाले लोगों की आर्थिक व सामाजिक स्थिति को सबल बना रही है। इस अवसर पर उन्होंने इस लघु उद्यम को बढ़ावा देने हेतु कलाकृतियों के निर्माताओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया और लोगों से अपील की कि वे इस बार दिवाली में माटी के दीप जलाएं तथा त्योहार के दौरान स्वदेशी वस्तुओं को अधिक से अधिक क्रय करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वदेशी अपनाने व आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में उठाये गये महत्वपूर्ण कदमों का स्वागत करते हुये उप मुख्यमंत्री ने कहा कि माटी की वस्तुओं को अपनाकर न केवल जरूरत की वस्तुओं की पूर्ति की जा रही है, बल्कि लोगों को रोजगार से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है। यह कार्य आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में ही एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होने कहा कि सरकार की मंशा है कि जिस प्रकार दीप जलाने से प्रकाश होता है, उसी तरह से गरीबों का जीवन भी प्रकाशमय हो। उप मुख्यमंत्री ने स्वयं खरीदी माटी की कलाकृतियां श्री मौर्य ने माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष धर्मवीर प्रजापति के नेतृत्व में गोरखपुर, प्रयागराज, बाराबंकी आदि जिलों के प्रजापति समाज द्वारा बनायी गयी विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया। साथ ही लगभग 10 हजार रुपये की मूर्तियों व अन्य सामाग्री को उन्होंने स्वयं क्रय किया तथा। श्री मौर्य ने बोर्ड के अध्यक्ष को भी उनके सराहनीय प्रयासों के लिये सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ओडीओपी के तहत भी माटी की कलाकृतियों को बढ़ावा दिया जा रहा है और इन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खादी भवन में भव्य प्रदर्शनी भी लगायी गयी है, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। श्री मौर्य ने स्वदेशी अपनाने की दिशा में लोगों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया और विश्वास व्यक्त किया कि माटी कला बोर्ड के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा और लोग स्वावलम्बी तथा आत्मनिर्भर हो सकेंगे। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण, विभागाध्यक्ष राजपाल सिंह, मुख्य अभियन्ता एके अग्रवाल, मुख्य अभियन्ता आरसी शुक्ला सहित अन्य अधिकारी व माटी कला बोर्ड के अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ पीएन द्विवेदी/राजेश-hindusthansamachar.in

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in