आकांक्षा को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रखने के लिए ‘नीट’ को पत्र लिखेगी उप्र सरकार
आकांक्षा को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रखने के लिए ‘नीट’ को पत्र लिखेगी उप्र सरकार

आकांक्षा को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रखने के लिए ‘नीट’ को पत्र लिखेगी उप्र सरकार

-नीट टॉपर आकांक्षा को मुख्यमंत्री योगी ने किया सम्मानित -यूजी की पूरी पढ़ाई के खर्च सहित फूडिंग-लाॅजिंग की व्यवस्था करने की घोषणा लखनऊ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (नीट-2020) में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर टाॅप करने वालीं आकांक्षा सिंह को टैबलेट देकर सम्मानित किया। उन्होंने आकांक्षा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने आकांक्षा सिंह की यूजी की पूरी पढ़ाई के खर्च सहित फूडिंग व लाॅजिंग की व्यवस्था प्रदेश सरकार द्वारा किए जाने की घोषणा की। उन्होंने आकांक्षा सिंह के घर तक जाने वाली सड़क को ठीक कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आकांक्षा सिंह को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि आकांक्षा सिंह को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रखने के सम्बन्ध में ‘नीट’ को पत्र लिखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के साथ बालिकाओं के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है। ‘नीट-2020’ परीक्षा में जनपद कुशीनगर की आकांक्षा सिंह ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि आकांक्षा सिंह प्रदेश की सभी बालिकाओं के लिए एक रोल माॅडल हैं। विलक्षण प्रतिभा सम्पन्न आकांक्षा सिंह उत्तर प्रदेश का गौरव हैं। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा सिंह के माता-पिता व परिवार के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि एक सामान्य परिवार में जन्म लेकर ऊंचे इरादों के साथ परिश्रम व लगन से आकांक्षा सिंह ने अपने लक्ष्य को प्राप्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आकांक्षा सिंह इसी तरह अनवरत आगे बढ़ती रहेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आकांक्षा सिंह की सफलता उन परिवारों को यह सन्देश भी देती है जो लोग बालक और बालिकाओं में अन्तर करते हैं। उन्होंने कहा कि बालिकाएं किसी से कम नहीं हैं। प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए ‘मिशन शक्ति’ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। द्वितीय चरण के अन्तर्गत इस सम्बन्ध में आ रही समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आकांक्षा सिंह ने राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति’ अभियान की सराहना की। इस अवसर पर आकांक्षा ने ऑल इण्डिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स), नई दिल्ली में प्रवेश लेने की इच्छा व्यक्त की। आकांक्षा ने कहा कि जनपद कुशीनगर में न्यूरो सर्जन की आवश्यकता के दृष्टिगत वे न्यूरो सर्जन के रूप में लोगों की सेवा करना चाहती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आकांक्षा सिंह पिछड़े जनपद की पृष्ठभूमि की हैं। राज्य सरकार द्वारा जनपद कुशीनगर में मेडिकल काॅलेज की स्थापना की जा रही है। आकांक्षा सिंह ने न्यूरो सर्जन बनने का निर्णय किया है, जिससे वे उस क्षेत्र की चिकित्सीय सेवाओं में अपना योगदान दे सकें। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा सिंह के पिता राजेन्द्र कुमार राव से कहा कि उन्होंने वायु सेना में रहकर देश की सेवा की है। इसलिए वे पूर्वांचल क्षेत्र के बच्चों को सेना में जाने के लिए प्रोत्साहित करें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आकांक्षा सिंह के माता-पिता को शाॅल भेंट की तथा आकांक्षा सिंह के भाई अमृतांश को भी टैबलेट प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि रुचि सिंह एवं राजेन्द्र कुमार राव की पुत्री आकांक्षा सिंह को राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (नीट-2020) में 720 अंकों की परीक्षा में शत-प्रतिशत 720 अंक प्राप्त हुए हैं। इस परीक्षा में पूर्णांक प्राप्त करने वाले एक अन्य अभ्यर्थी से आयु कम होने के कारण आकांक्षा सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। आकांक्षा सिंह को बैडमिण्टन खेलने एवं संगीत सुनने में विशेष रुचि है। आकांक्षा सिंह ने नवजीवन मिशन कसया, कुशीनगर से 97.7 प्रतिशत अंकों के साथ कक्षा-10 तथा प्रगति पब्लिक स्कूल, नई दिल्ली से 96.4 प्रतिशत अंकों के साथ कक्षा-12 की परीक्षा उत्तीर्ण की। हिन्दुस्थान समाचार/संजय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in