लखनऊ, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री व सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश को ट्विटरजीवी नेता बताया है। बुधवार को उन्होंने कहा कि अखिलेश जैसे ‘ट्विटरजीवी’ और ‘बयानजीवी’ नेताओं से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि सपा का ना तो अब समाज से कोई सरोकार रह गया है और न ही समाज के प्रति कोई जिम्मेदारी रह गई है। एसी कमरों में बैठकर सिर्फ बयान देना और ट्वीट करके जनता का दुःख दर्द नहीं समझा जा सकता है। ऐसे फाइव स्टार राजनीतिज्ञ वैश्विक संकटकाल में प्रदेश के लोगों की सेवा करने के बजाय अनाप-शनाप बयानों से राजनीति का स्तर गिरा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि एक ओर सपा नेता अफवाह और भ्रामक बयानों और ट्वीट से जनता को बरगलाने का कुचक्र रच रहें हैं। वहीं, दूसरी ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना संक्रमण से ठीक होते ही जनता का दुःख -दर्द जानने और प्रदेश की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलों का ताबड़-तोड़ दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों समेत 50 से ज्यादा जिलों का दौरा कर चुके हैं। कोरोना महामारी में सपा मुखिया जहां अपने गांव सैफई और अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ को भूल गए, योगी वहां गए। वहां की स्वास्थ्य सुविधाओं की सुध ली। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/विद्या कान्त




