योगी सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कर रही उत्पीड़न: अजय लल्लू
योगी सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कर रही उत्पीड़न: अजय लल्लू

योगी सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कर रही उत्पीड़न: अजय लल्लू

लखनऊ, 15 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को यहां आरोप लगाया कि योगी सरकार असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का लगातार उत्पीड़न कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग इससे डरने वाले नहीं हैं। हम राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के सिपाही हैं। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज आलम की जेल से रिहाई के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आज स्वागत समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर अजय कुमार लल्लू ने कहा कि योगी सरकार ने गैर संवैधानिक तरीके से शाहनावज आलम को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। वह 16 दिन बाद रिहा हुए हैं। अजय लल्लू ने कहा कि प्रदेश में पूरी तरह जंगलराज है, अपराधी सड़कों पर खुलेआम घूम रहे हैं और जघन्य अपराध कर रहे हैं। योगी सरकार अपराध और अपराधियों को रोकने के बजाय आन्दोलनरत कांग्रेस के नेताओं पर फर्जी मुकदमें लादकर उन्हें जेल भेजने और उत्पीड़न करने में जुटी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार अपनी विफलताओं पर पर्दा डालकर बचना चाहती है। हम योगी सरकार के इस दमन और अत्याचार से नहीं डरेंगे और इनका पर्दाफाश करते रहेंगे। उप्र कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज आलम ने इस मौके पर कहा कि राजनीति में जनहित के मुद्दों पर जेल जाने की परम्परा काफी दिनों से बन्द हो चुकी है। पिछले तीस सालों से राजनीतिक दलों के लोग भ्रष्टाचार के मामलों में ही जेल गये हैं। यह पहली बार हो रहा है कि सेवा कार्य में लगे आन्दोलनरत कांग्रेसजनों पर फर्जी मुकदमा लगाकर जेल भेजा जा रहा है। परन्तु हम इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में आन्दोलन के जरिये जेल जाने की लम्बी परम्परा रही है। पं. जवाहर लाल नेहरू से लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू तक एक बहुत लम्बी फेहरिस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जेल में ही निखरती और संवरती है। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार कोरोना महामारी की आड़ में मुसलमानों सहित दलित, पिछड़ों का उत्पीड़न कर रही है। हम सभी लोग सरकार की इस तानाशाही और अलोकतांत्रिक रवैये और आम आदमी के अधिकारों के अतिक्रमण के खिलाफ कांग्रेस पार्टी द्वारा लड़ी जा रही इस लड़ाई में सड़कों पर संघर्ष करेंगे। शाहनवाज आलम ने कहा कि योगी सरकार हमें चाहे कितनी भी बार जेल भेजे हम पीछे नहीं हटेंगे। सड़क से लेकर सदन तक और ब्लाक से लेकर गांव-चट्टी तक आम जनता के हितों के लिए लड़ाई लड़ेंगे। अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश प्रभारी मिन्नत रहमानी ने शाहनवाज आलम की रिहाई पर पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि आज संविधान, लोकतंत्र और आम जन के अधिकार को भारतीय जनता पार्टी कुचलने का काम कर रही है। संविधान की मूल आत्मा के खिलाफ मौजूदा सरकार काम कर रही है। उप्र से लेकर बिहार तक लोकतंत्र को कुचलने और वंचित, शोषित समुदाय का उत्पीड़न भाजपा की सरकारें कर रही है। इस मौके पर प्रमुख रूप से स्टेट कोआर्डिनेटर अख्तर मलिक, डा. खलील उल्लाह, डा. वाहिद सिद्दीकी, अली अब्बास जैदी, विनोद जोजफ, सबीहा अंसारी, सरदार हरमिन्दर सिंह, फरहान वारसी आदि सैंकड़ों की संख्या में अल्पसंख्यक विभाग के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन स्टेट कोआर्डिनेटर आसिम मुन्ना ने किया। हिन्दुस्थान समाचार/ पीएन द्विवेदी/राजेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in