Kisan Fair: योगी आदित्यनाथ ने कहा- नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप खेती करने से किसानों की आय हुई दोगुनी

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप खेती करने के कारण किसान लाभान्वित हो रहे हैं। उनकी आय दो गुनी हुई है।
Yogi Adityanath
Yogi Adityanathraftaar.in

लखनऊ, (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप खेती करने के कारण किसान लाभान्वित हो रहे हैं। उनकी आय दो गुनी हुई है। आज उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के अन्य राज्यों का किसान भी मोदी के विजन के अनुरूप परंपरागत खेती के अलावा कृषि विविधिकरण अपना रहा है। योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश के किसानों को औषधीय खेती और बागवानी से भी जोड़ा है। उनके हर्बल प्रोडक्ट्स को प्रमोट कर रही है। इससे किसान अपने उत्पाद का कई गुना दाम प्राप्त कर रहा है। यह अन्नदाता किसानों के जीवन में परिवर्तन का एक बड़ा माध्यम बना है।

मुख्यमंत्री ने सीमैप के तत्वावधान में आयोजित किसान मेले का उद्घाटन किया

मुख्यमंत्री ने पिकनिक स्पॉट रोड स्थित केंद्रीय औषधि एवं सगंध पौधा संस्थान (सीमैप) के तत्वावधान में आयोजित किसान मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर योगी ने कहा कि पहले की सरकारों में किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पाता था। संसद के हर सत्र में किसानों की आत्महत्या का मुद्दा उठता था। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनते ही मोदी ने 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का लक्ष्य रखा। इसके लिए उन्होंने स्वायल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा, कृषि सिंचाई, किसान सम्मान निधि जैसी कई योजनाएं शुरू कीं और किसानों को वैज्ञानिक शोध एवं इनोवेशन से जोड़ा। इसी का परिणाम है कि वर्ष 2018 से अन्नदाता किसानों को उनकी लागत का डेढ़ गुना दाम मिलना प्रारंभ हुआ।

कृषि, बागवानी और आयुष से जुड़े ऐसे तमाम संस्थान प्रदेश में मौजूद हैं

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भूमि अत्यंत उर्वरा है। साथ ही यहां प्रचुर मात्रा में जल की उपलब्धता है। देश की 16 फीसदी आबादी उत्तर प्रदेश में रहती है। 11 फीसदी कृषि योग्य भूमि होने के बावजूद 22 फीसदी से अधिक खाद्यान्न का उत्पादन अकेले उत्तर प्रदेश करता है। प्रदेश में हमारे 89 कृषि विज्ञान केंद्र हैं। चार राज्य कृषि विश्वविद्यालय हैं और पांचवां स्थापित होने जा रहा है। कृषि, बागवानी और आयुष से जुड़े ऐसे तमाम संस्थान प्रदेश में मौजूद हैं। सीमैप निरंतर इन संस्थानों की विजिट करे। इससे संस्थानों में नवाचार और शोध को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने मेले में प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया

मुख्यमंत्री ने मेले में प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। साथ ही मेले में लगे स्टालों का अवलोकन किया और किसानों से बातचीत भी की। मेले में 15 राज्यों से ज्यादा के चार हजार से ज्यादा किसान शामिल हुए। औषधीय पौधों की खेती करने वाले किसानों के लिए सीमैप एक एरोमा मिशन एप भी लांच करेगा, जो किसानों और इंडस्ट्री के बीच एक ब्रिज का काम करेगा। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सीएसआई-आर सीमैप के महानिदेशक डॉ. एन. कलैसेल्वी समेत बड़ी संख्या में देश के विभिन्न राज्यों एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों के किसान मौजूद थे।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in