नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। होली के त्योहार को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के डीएम, एसपी और वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे खुद फील्ड में मौजूद रहकर व्यवस्था की निगरानी करें। सरकार का साफ संदेश है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बिना हेलमेट और सीटबेल्ट चलाने वालों पर कार्रवाई
सीएम ने स्पष्ट कहा है कि होली के दौरान नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए। बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। बिना सीटबेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वालों पर जुर्माना लगेगा। ओवरस्पीडिंग करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
लंबी दूरी के यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसें
त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। लंबी दूरी की बसों में दो ड्राइवर तैनात रहेंगे। अनफिट बसों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परिवहन विभाग के अधिकारी लगातार फील्ड में मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। पुलिस और प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है। लगातार गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
होली और रमजान साथ, अलर्ट पर प्रशासन
इस बार होली के साथ रमजान का महीना भी चल रहा है। ऐसे में रंग खेलने के दौरान कहीं भी विवाद या तनाव की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस को अतिरिक्त सतर्क रहने को कहा गया है। कुख्यात अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि आम लोगों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने का पूरा अवसर दिया जाएगा, लेकिन नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।





