uttar-pradesh-receives-total-revenue-of-rs-1119649-crore-in-financial-year-2021-22
uttar-pradesh-receives-total-revenue-of-rs-1119649-crore-in-financial-year-2021-22

उप्र को वित्तीय वर्ष 2021-22 में कुल 11196.49 करोड़ की हुई राजस्व प्राप्ति

- वित्तीय 2020 की तुलना में 9898.44 करोड़ अधिक राजस्व लखनऊ, 05 मई (हि.स.)। कोरोना महामारी के दौरान भी उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व में वृद्धि हुई है। प्रदेश को वित्तीय वर्ष 2021-22 में 13175.97 करोड़ लक्ष्य के सापेक्ष कुल 11196.49 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। यह आंकड़ा वित्तीय वर्ष 2020 की तुलना में 9898.44 करोड़ अधिक है। यह जानकारी बुधवार को प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने दी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौर में भी प्रदेश की जनता इसके लिए बधाई की पात्र है कि उनकी बदौलत मुख्य कर एवं करेत्तर राजस्व वाले मदों में वित्तीय वर्ष 2021-22 के अप्रैल माह में कुल 11196.49 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। गत वर्ष 2020-21 के अप्रैल माह में मात्र 1298.05 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान राजस्व में वृद्धि होना प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए सुखद है। उन्होंने बताया कि जीएसटी के अंतर्गत 4965.35 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष कुल 5157.11 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई। गत वर्ष अप्रैल 2020 में 670.71 करोड़ रुपये प्राप्त हुई थी। इसी प्रकार वैट के अंतर्गत 1307.62 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 826.53 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई, जबकि गत वर्ष अप्रैल 2020 में 402.22 करोड़ रुपए प्राप्त हुई थी। वित्त मंत्री ने बताया कि आबकारी के अंतर्गत अप्रैल, 2021 में 3940 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 3240.77 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई। पिछले वर्ष अप्रैल, 2020 में 53.46 करोड़ की राजस्व प्राप्त हुई थी। इसी प्रकार स्टांप एवं निबंधन के तहत 1854 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 1218.39 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई है। उन्होंने कहा कि परिवहन के अंतर्गत 771 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 553.95 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई है। भूतत्व एवं खनिकर्म के अंतर्गत 338 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 199.74 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई है। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/विद्या कान्त

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in