UP Nikay Chunav 2023 : मेरठ में कहीं मशीन खराब तो कई जगह वोट कटने पर हंगामा

UP Nikay Chunav 2023 : जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने मतदाताओं से सबसे पहले अपने मताधिकार का प्रयोग करके लोकतंत्र के इस पर्व को सार्थक बनाने की अपील की।
 मेरठ में कहीं मशीन खराब तो कई जगह वोट कटने पर हंगामा
मेरठ में कहीं मशीन खराब तो कई जगह वोट कटने पर हंगामा

मेरठ, एजेंसी। मेरठ जनपद में नगर निकाय चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान चल रहा है। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए नौ हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। गुरुवार को कहीं ईवीएम मशीन खराब हो गई तो वोट गायब होने पर कई जगह हंगामा हुआ। नगर निगम में एक वार्ड में भाजपा उम्मीदवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

50 से अधिक बूथ संवेदनशील

मेरठ नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में गुरुवार को मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मेरठ नगर निगम में 50 से अधिक अतिसंवेदनशील बूथों को चिन्हित किया गया है। अतिसंवेदनशील बूथों की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। नगर निगम में 12 लाख से अधिक मतदाता अपना वोट डालेंगे।

एक हजार से ज्याद केंद्र पर डाले जा रहे वोट

1087 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। 27 ड्रोन कैमरों से बूथों की निगरानी हो रही है। कंकरखेड़ा क्षेत्र के नंगलाताशी पोलिंग बूथ 515 पर ईवीएम खराब हो गई। इसे लेकर लोगों ने हंगामा किया। मलियाना के पोलिंग बूथ पर ईवीएम खराब हो गई। जिसे बाद में बदलवाया गया। मेरठ नगर निगम के नगला बट्टू पोलिंग बूथ 614 पर ईवीएम मशीन खराब हो गई। इसके बाद निर्वाचन अधिकारियों ने ईवीएम मशीन को बदलवाया। नगर निगम के वार्ड 62 के पोलिंग बूथ 739 पर ईवीएम के ठीक काम नहीं करने पर उसे बदला गया। बूथ नंबर 29 मलियाना, बूथ नंबर 360 एनएएस कालेज में ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ।

कंट्रोल रूम में करें शिकायत

जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने मतदाताओं से सबसे पहले अपने मताधिकार का प्रयोग करके लोकतंत्र के इस पर्व को सार्थक बनाने की अपील की। चुनाव प्रेक्षक सुधीर महादेव बोबड़े, डॉ. कंचन सरन, आयुक्त सेल्वा कुमारी जे., आईजी नचिकेता झा, डीएम दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण लगातार मतदान केंद्रों का जायजा ले रहे है। मेरठ जिले में 57 निर्वाचन अधिकारी, 89 सहायक निर्वाचन अधिकारी, 38 जोनल मजिस्ट्रेट व 154 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। शिकायतों को सुनने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम खुला रहेगा।

वोट कटने पर लोगों ने जमकर हंगामा किया

सरधना नगर पालिका के वार्ड 12 में मोहल्ला कमरानवाबान में वोट कटने पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उन्होंने बीएलओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। नगर निगम मेरठ में वार्ड 72 के विकासपुरी कॉलोनी में एक ही परिवार के वोट अलग-अलग वार्ड में कर दिए गए। परिवार में 6 सदस्यों में 2 के वोट 72 वार्ड में, जबकि अन्य सदस्यों के वोट वार्ड 56 में कर दिए गए। जिससे वोट डालने के लिए दूसरे वार्ड में जाना पड़ेगा। जबकि बूथ दूसरे मुहल्ले में है। इसे लेकर भी लोगों ने हंगामा किया।

वार्ड 58 के भाजपा उम्मीदवार को हिरासत में लिया

मेरठ नगर निगम के वार्ड 58 के भाजपा उम्मीदवार अंशुल गुप्ता ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर हंगामा किया। निर्दलीय उम्मीदवार सुमित ने भी फर्जी मतदान के आरोप लगाए। इसे लेकर जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने दोनों उम्मीदवारों को हिरासत में ले लिया और थाना सिविल लाइन ले गई। इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। शास्त्रीनगर, जागृति विहार, ब्रह्मपुरी के लोगों ने ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर से शिकायत करके वोट कटने की शिकायत की। वोट कटे मिलने पर लोगों को मतदान केंद्रों से मायूस होकर लौटना पड़ा।

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in